Delhi Ashram Flyover: दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा आने-जाने वाले लोगों के लिए मुश्किलों भरी खबर है। नए साल यानी 1 जनवरी 2023 से आश्रम फ्लाईओवर यातायात के लिए पूरे 45 दिन के लिए बंद हो जाएगा। मतलब इन शहरों में आवागमन करने वाले लोगों को दूसरे रास्तों का प्रयोग करना होगा। पीडब्ल्यूडी एक जनवरी से आश्रम फ्लाईओवर को नए डीएनडी फ्लाईओवर से जोड़ने का कार्य शुरू करने जा रहा है। जिसकी वजह से दिल्ली के इस अहम फ्लाईओवर को बंद किया जा रहा है। इससे दिल्ली व आसपास के इलाकों में जाम लगने की संभावना है। लोगों की इस परेशानी को ध्यान में रखकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें वैकल्पिक रूट का सुझाव देते हुए लोगों से ट्रैफिक पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक जनवरी से आश्रम फ्लाईओवर रोड के दोनों कैरिजवे बंद कर इस फ्लाईओवर को न्यू डीएनडी फ्लाईओवर के साथ कनेक्ट करने का कार्य शुरू होगा। जिसकी वजह से 45 दिन तक यह फ्लाईओवर पूरी तरह से बंद रहेगा। हालांकि इस दौरान फ्लाईओवर के नीचे की तरफ से गुजर रहा रिंग रोड यातायात के लिए पूरी तरह से चालू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि, इस दौरान किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अस्पतालों, आईएसबीटी, रेलवे स्टेशनों या हवाई अड्डे जाने वाले यात्री समय का ध्यान रखकर अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
45 दिन तक इन रास्तों का करें प्रयोग
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को यात्रा के लिए वैकल्पिक रूट का सुझाव देते हुए बताया है कि बदरपुर की तरफ से आकर रिंग रोड और सराय काले खां जाने वाले वाहन माता मंदिर मार्ग का प्रयोग करें। वहीं, बदरपुर, सरिता विहार और जामिया की तरफ से आकर कैप्टन गौड़ मार्ग, लाजपत नगर और एम्स की तरफ जाने वाले वाहनों को यू-टर्न लेना पड़ेगा। इसी तरह चिराग दिल्ली और आईआईटी की तरफ से आकर नोएडा की तरफ जाने के लिए रिंग रोड का प्रयोग करना होगा।
एम्स और धौलाकुआं जाने के लिए यह रूट
अक्षरधाम और नोएडा की तरफ से आकर एम्स और धौलाकुआं जाने वाले वाहनों को सराय काले खां, भैरों रोड, मथुरा रोड का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, एम्स और नई दिल्ली की तरफ से आकर रिंग रोड और मथुरा रोड जाने के लिए लोदी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग का प्रयोग करने को कहा गया है। एम्स और चिराग दिल्ली की तरफ से आकर नोएडा और राष्ट्रीय राजमार्ग-24 की तरफ जाने वाले वाहनों को लाला लाजपत राय मार्ग का प्रयोग करना होगा। वहीं, एम्स, मूलचंद और लाला लाजपत राय मार्ग से आकर मथुरा रोड, सरिता विहार और बदरपुर की तरफ जाने वालों को कैप्टन गौर मार्ग का प्रयोग करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
