दिल्ली

Delhi-NCR Weather Today: बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे दिल्लीवासी, जानें गर्मी की छुट्टी करने के लिए कब होगी मानसून की एंट्री

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में अभी मानसून की दस्तक नहीं हुई है। यहां लोगों को गर्मी से बुरा हाल है। लोग बारिश की बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

Image

दिल्ली में मौसम का हाल

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली में मौसम की अजब-गजब चल रही है। कभी आंधी तो कभी भीषण गर्मी से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। बारिश के अलर्ट के बीच भी दिल्लीवासी राहत की बरसात के लिए तरसते हुए नजर आ रहे हैं। एसी-कूलर के सहारे गर्मी काट रहे दिल्ली-एनसीआर के लोग मानसून बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली के साथ एनसीआर क्षेत्रों यानी गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम की चाल ऐसी ही बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में 23 जून से 25 जून तक मानसून आने की संभावना जताई थी। फिलहाल शहर में मानसून को लेकर कोई अपडेट नहीं है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आज या कल के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत आसपास के जिलों में मानसून की दस्तक होगी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा मौसम का हाल -

दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज दिल्ली में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। सुबह के समय धूप खिली रहेगी, जिससे उमस भरी गर्मी का एहसास होगा। शाम होते-होते मौसम में बदलाव होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। भले ही बदलते इस मौसम में दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री बना हुआ है, लेकिन उमस के कारण 40 डिग्री वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। कूलर और एसी से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। बादलों की आवाजाही में आज शहर में मध्यम स्तर की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है।

एनसीआर में मौसम का हाल

गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने का अनुमान है। भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को यहां गर्मी से राहत मिलेगी और शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा। बारिश से तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मौसमी स्थिति को देखते हुए यहां येलो अलर्ट जारी किया है। लेकिन अलर्ट के विपरीत कई इलाकों में बारिश की बूंद भी नहीं बरस रही है। गर्मी से राहत पाने का इंतजार कर रहे लोग का इंतजार ही करते रह जा रहे हैं। इस बीच, 48 घंटों में गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में मानसून की दस्तक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article