Delhi Heavy Rainfall: दिल्ली में बुधवार की शाम से जारी भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात बाधित हुआ। अधिकतर क्षेत्रों में सड़कें पानी-पानी हो गईं, जिससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। इतना ही नहीं खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाई अड्डे (Delhi Airport) पर कुल 6 फ्लाइटों का मार्ग बदला गया और कई उड़ानों में देरी हुई। सूत्र ने बताया कि चार उड़ानों को जयपुर और दो उड़ानों को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है। यहां प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आज और कल बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में कहां हुई अधिक बारिश?
अरविंद मार्ग, जी के मार्ग, रेल भवन, अक्षरधाम, आश्रम, आईटीओ, पुल प्रहलादपुर, एमबी रोड, एमजी रोड, ओल्ड रोहतक रोड, शादीपुर, मधुबन चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर जलभराव और यातायात बाधित होने की खबरें मिलीं। इस बीच, अपने ताजा पूर्वानुमान में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए "रेड अलर्ट’’ जारी किया है। हालांकि, दिन में पहले शहर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था, लेकिन दोपहर तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया। कल भी दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से तीव्र वर्षा, गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली चमकने का अनुमान है।
शाम 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच नजफगढ़ मौसम केंद्र ने 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। इसके बाद आया नगर में 50.5 मिमी, प्रगति मैदान में 37 मिमी, नॉर्थ कैंपस में 22 मिमी, पूसा में 30 मिमी, पालम में 14.4 मिमी, इग्नू में 11.5 मिमी, जनकपुरी में 4 मिमी, नारायणा में 6.5 मिमी और लोधी रोड में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
विभाग ने यह भी बताया कि पूर्व की ओर बढ़ते बादलों के कारण बुधवार शाम को ज्यादातर जगहों पर मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, बिजली चमक सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शहर के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश पहले ही हो चुकी है। गरज के साथ छींटे पड़ने और मध्यम से भारी बारिश के अनुमान के बीच विभाग ने लोगों से खुले स्थानों से बचने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, कमजोर दीवारों और ऐसे ढांचों से दूर रहने तथा जल निकायों के पास जाने से बचने का आग्रह किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
