Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-Nov-2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां ठंड बढ़ती जा रही है। अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। तापमान में हो रही गिरावट को देखते हुए माना जा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर में जल्द ही शीतलहर की शुरुआत होगी। बता दें कि दिल्ली में इस बार ठंड की शुरुआत भले ही समय से पहले हो गई है, लेकिन राजधानी में अब तक सही मायनों में उस सर्दी की शुरू नहीं हुई है, जिसे 'दिल्ली की सर्दी' कहा जाता है। जिसके बारे में सोचते ही कंपकंपी छूटने लगती है और जिसका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आईएमडी की मानें तो ये इंतजार खत्म होने वाला है, क्योंकि नवंबर के अंतिम सप्ताह से भीषण सर्दी की दस्तक देने वाली है। वैसे भी इस साल ला-नीना इफेक्ट के चलते दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ेगी।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है। मौसम ठंडा और शुष्क बना हुआ है। बीते दिनों की तुलना में ठंड का असर कम हुआ है। दरअसल, हवाओं की दिशा बदलने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पहले शहर में पछुआ हवाएं चल रही थी अब उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही है, जिससे तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बीते दिनों दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अभी बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान की बात करें दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। दोपहर के समय गुनगुनी धूप खिली हुई है, जिससे दिल्लीवासियों को ठंड से राहत मिल रही है। दिन में खिली धूप में ठंड का अहसास कम होने लगा है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली का तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में एक बार फिर कमी आएगी। शहर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा। तापमान के सामान्य से नीचे गिरने पर शहर में शीतलहर की शुरुआत होगी, जिसकी संभावना भी जताई जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली वाली सर्दी की शुरुआत होगी। मौसम विभाग ने बताया कि 23 नवंबर से शहर के मौसम में बदलाव शुरू होगा और तापमान में कमी के साथ ठंड और कोहरा बढ़ेगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी ठंड बढ़ने लगी है। मौसम सुहावना और शुष्क बना हुआ है। तापमान में बीते दिनों कि तुलना में बढ़त हुई है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड में कमी नहीं आई है। रातें सर्द बनी हुई है, लेकिन दिन के समय धूप खिलने से राहत मिल रही है। तापमान की बात करें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद दोनों का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद का अधिकतम तापमान क्रमशः 27 और 26 डिग्री रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री बना रहेगा। दिन के समय तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, लेकिन शाम होते ही फिर पारा गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
