Delhi Crime News: दिल्ली के द्वारका इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार महिला ने कथित तौर पर पति को नींद की गोली देकर बेहोश किया और करंट लगाकर वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद परिवार को मौत की वजह करंट लगना बताया। हालांकि पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हो गया है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक्सटेंशन बोर्ड के तार से लगाया करंट
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार यह घटना 13 जुलाई को सामने आई थी, जब उत्तम नगर स्थित माता रूपरानी मग्गो अस्पताल से पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) को कॉल करके करण देव (36) की मौत की सूचना दी गई। अधिकारी ने बताया कि करण और उसकी पत्नी सुष्मिता का छह साल का एक बेटा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुष्मिता और उसके कथित प्रेमी राहुल देव (24) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह करण के करीबी रिश्तेदार का बेटा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करण ने करवाचौथ के दिन सुष्मिता को थप्पड़ मारा था, जिससे वह भावनात्मक रूप से परेशान हो गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुष्मिता ने करण को कथित तौर पर नींद की गोलियां दी थीं, जिसके बाद राहुल ने एक्सटेंशन बोर्ड के तार से उसे करंट लगा दिया।
पुलिस ने बताया कि सुष्मिता ने 12 जुलाई की रात करण के खाने में कथित तौर पर 10 से अधिक नींद की गोलियां मिला दी थीं, जिसके बाद राहुल सुबह उनके घर आया और उसे करंट लगा दिया। इसके बाद, सुष्मिता पास में स्थित अपने ससुराल वालों के घर पहुंची और उन्हें बताया कि करण बेहोश हो गया है, जिसके बाद उन्हें उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया और मृत घोषित कर दिया गया। मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) में मौत का कारण बिजली का झटका बताया गया।
मृतक के भाई ने जताया हत्या का संदेह
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा, ‘‘शुरुआत में, मृतक के परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया और यहां तक कि पोस्टमार्टम से भी छूट चाहते थे। हालांकि, करण की अपेक्षाकृत कम उम्र को देखते हुए और किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को दूर करने के लिए, पोस्टमार्टम दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में करवाया गया।’’ करण के छोटे भाई कुणाल देव ने 16 जुलाई को पुलिस से संपर्क किया और अपने भाई की मौत की परिस्थितियों पर संदेह व्यक्त किया।
मैसेज में मिले हत्या की साजिश के सबूत
कुणाल को सुष्मिता और उसके प्रेमी के बीच संदेश मिले, जिनमें कथित तौर पर उन्होंने करण को नींद की गोलियां देकर और बिजली का झटका देकर मारने की साजिश रची थी। घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या के लिए दंड) और 61 (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
