दिल्ली

दिल्ली में 'एक सड़क-एक दिन' योजना प्रस्ताव पास, क्या है ये प्लान; जान लीजिए

दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से रेखा सरकार ने 'एक सड़क-एक दिन' योजना के प्रस्ताव को पास कर दिया है। यह प्लान 1 सितंबर शुरू होगा। आइये जानते हैं यह प्लान क्या है?

Image

(सांकेतिक फोटो-ट्विटर)

दिल्ली नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। दिल्ली में 'एक सड़क-एक दिन' योजना पर प्रस्ताव पास किया गया, जिसका क्रियान्वयन 1 सितंबर से शुरू होगा। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि आज बैठक में स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित 'एक सड़क-एक दिन' योजना पर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किया गया। योजना के तहत नगर निगम के प्रत्येक जोन में प्रतिदिन एक प्रमुख सड़क का समग्र कायाकल्प किया जाएगा, जिसमें सड़क मरम्मत, फुटपाथों की सफाई और सुधार, साइनेज की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों की बहाली, अवैध अतिक्रमण हटाना, पेड़ों की छंटाई और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल होंगे।

दिल्ली की सड़कें होंगी सुंदर-सरकार

सत्या शर्मा ने कहा कि 1 सितंबर 2025 से योजना का क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा, ताकि 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन की वर्षगांठ से पहले दिल्ली की सड़कों पर परिवर्तन दिखने लगे। इससे न सिर्फ दिल्ली की छवि सुधरेगी, बल्कि नागरिकों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में आरंभ किए गए स्वच्छ भारत मिशन की भावना को और मजबूत करेगी तथा दिल्ली की सड़कों को फिर से सुंदर और व्यवस्थित बनाएगी।

उन्होंने बताया कि बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों और धार्मिक स्थलों से 100 मीटर की परिधि में कोई भी मीट की दुकान संचालित न हो। अवैध रूप से चल रही तथा बिना लाइसेंस वाली दुकानों को तुरंत प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवारा कुत्तों की समस्या के बारे में चर्चा की गई और इस संबंध में नई नीति बनाने के निर्देश दिए गए।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति ने बुधवार को भारत दर्शन पार्क (पंजाबी बाग) में स्वचालित बहुस्तरीय पजल पार्किंग निर्माण के प्रस्ताव को पास किया। भारत दर्शन पार्क जैसे भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थल पर अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह पार्किंग सुविधा यातायात को सुचारू बनाएगी और आगंतुकों को राहत देगी। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति ने गाजीपुर स्थित पशुवध गृह में इन्जेस्टा/गोबर सोखन संयंत्र स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इसे पूर्वी दिल्ली के लिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतरीन क़दम बताया।

मध्य जोन में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ व कूड़ा उठाने के संबंध में महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास किया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में पार्षदों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा सकारात्मक और सार्थक रही, जिससे कई समाधानात्मक सुझाव सामने आए। समिति ने सहमति से उन प्रस्तावों को मंजूरी दी जो जनहित से जुड़े हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article