दिल्ली

Delhi News: दीवाली की रात आए दमकल विभाग को 400 फोन, हादसे की आशंका के बीच बीती रात; कोई बड़ा नुकसान नहीं

दीवाली की रात रोशनी और आतिशबाजी के बीच दिल्लीवालों ने जमकर जश्न मनाया, लेकिन इसके साथ दमकल विभाग के फोन लगातार बजते रहे। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को रविवार रात से सोमवार सुबह 6 बजे तक करीब 400 कॉल्स आग लगने की घटनाओं को लेकर मिलीं। राहत की बात यह रही कि किसी बड़े हादसे या जनहानि की सूचना नहीं मिली।

Image

रात भर बजते रहे DFS के फोन (सांकेतिक तस्वीर)

Delhi Fire News: आतिशबाजी और दीयों के साथ प्रकाश पर्व मनाते दिल्लीवालों ने 20 अक्टूबर की रात जमकर दीवाली मनाई। इसका सबूत दिल्ली में 400 पार गए AQI ने भी दिया। इस बीच जो सबसे बड़ा खतरा होता है, वो आग लगने का होता है। दीवाली की रात दिल्ली के दमकल विभाग को 269 फोन कॉल गए। सुबह 6 बजे तक फोन कॉल्स का आंकड़ा 400 तक पहुंच गया। गनीमत रही कि किसी भी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक अधिकारी ने मंगलवार की सुबह यह जानकारी दी कि आग लगने संबंधी घटनाओं में किसी की जान जाने या किसी के घायल होने सहित किसी बड़ी घटना की कोई सूचना नहीं थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विभाग पूरे त्योहार के दौरान हाई अलर्ट पर था और सभी दमकल केंद्रों एवं रैपिड एक्शन टीम को समूचे शहर में तैनात किया गया था।

पिछले साल आए थे 200 मामले

अधिकतर सूचनाएं पटाखों और दीयों से छोटी-मोटी आग लगने से संबंधित थीं। DFS ने पहले ही अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी थीं और यह सुनिश्चित किया था कि सभी वाहनों और अग्निशमन उपकरणों की जांच की जाए और उन्हें तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रखा जाए। त्योहारों के दौरान जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही विस्तृत योजना बनाई गई थी। पिछले साल DFS को दीवाली की रात 200 से अधिक कॉल आए थे।

ये रही दो बड़ी घटनाएं

बता दें कि दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में बीती रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई। दिल्ली फायर सर्विस के कंट्रोल रूम को देर रात 1:25 बजे इस आग की सूचना मिली। आग लगने की घटनाओं में सबसे बड़ी घटना संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर की थी, जबकि दूसरी बड़ी घटना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में हुई। दोनों ही जगहों पर भीषण आग के कारण दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सांसदों के आवास में लगी थी आग

इससे पहले शनिवार की दोपहर भी पटाखों के ही कारण दिल्ली के बाबा खड़ग सिंह मार्ग स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में आग लग गई थी। यह जगह सांसदों का आवास है। निवासियों ने मीडिया को बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां पार्किंग थी लेकिन वहां फर्नीचर, पॉलिशिंग सामग्री और कई ज्वलनशील चीजों का अंबार था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article