दिल्ली

दिल्ली के आया नगर में खूनी रंजिश: डेयरी जाते 55 वर्षीय पिता की गोली मारकर हत्या

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में स्थित आया नगर गांव में पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति कि हत्या कर दी गई है। मृतक के परिवार ने कहा कि बेटे से दुश्मनी का बदला पिता की हत्या करके लिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

Image

दिल्ली के आया नगर में खूनी रंजिश

Delhi News: राजधानी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर गांव में आपसी रंजिश ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति की जान ले ली। बताया जा रहा है कि रोज की तरह रविवार तड़के सुबह करीब 5:00 बजे, रतन लोहिया अपनी दूध की डेयरी का काम करने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान, कुछ बदमाशों वहां आए और उन्हें घेर लिया। उसके बाद बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या कि इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। परिजनों और गांव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि यह पूरा मामला पुरानी और गहरी दुश्मनी से जुड़ा हुआ है।

छतरपुर मर्डर केस से जुड़ा है मामला

जानकारी के अनुसार, यह हत्या एक गैंगवार शैली की रंजिश का परिणाम मानी जा रही है। पुलिस ने आगे बताया कि मृतक रतन लोहिया के बड़े बेटे दीपक का दूसरी पार्टी के रामवीर पक्ष से संपत्ति को लेकर पुराना विवाद था। करीब दो साल पहले, दीपक को घेरकर बुरी तरह पीटा गया था, जिसका मुकदमा कोर्ट में लंबित है। इसके बाद, रामवीर पक्ष से लगातार धमकी मिलने के बाद दीपक ने बदले की भावना में आकर छह महीने पहले छतरपुर सीडीआर चौक पर रामवीर के बड़े बेटे अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परिजनों ने अब आरोप लगाया है कि दीपक से सीधा बदला न ले पाने के कारण, रामवीर और उसके रिश्तेदारों ने आज सुबह दीपक के पिता रतन लोहिया की हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने रामवीर पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक रतन लोहिया के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रतन की हत्या रामवीर पक्ष ने अपने बेटे अरुण की हत्या का बदला लेने के लिए की। परिजनों का कहना है कि रतन लोहिया कि किसी से भी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, लेकिन उनकी हत्या केवल उनके बेटे दीपक के कारण की गई है।

परिजनों के अनुसार, यह दुर्भावनापूर्ण हत्या है, जहा अपराधी बेटे से बदला लेने के लिए पिता को निशाना बनाने लगे हैं। दिल्ली पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर रामवीर और उसके सहयोगियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीमें विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, और मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article