दिल्ली

Delhi AQI: आज भी दिल्ली की हवा जहरीली; AQI 360 के साथ स्मॉग की चादर में लिपटी राजधानी, 9 इलाकों में हालत गंभीर

दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है और शनिवार सुबह औसत AQI 360 दर्ज किया गया। कई इलाकों में प्रदूषण ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गया। घना स्मॉग इंडिया गेट, आईजीआई एयरपोर्ट और अक्षरधाम तक फैला रहा। आइए जानते हैं दिल्ली के AQI का हाल।

Image

दिल्ली के 39 में से 36 स्टेशनों में AQI 300 के पार (सांकेतिक तस्वीर)

Delhi AQI News: दिल्ली में हवा लगातार जहरीली बनी हुई है और शनिवार को भी राजधानी ‘बेहद खराब’ स्तर की वायु गुणवत्ता से उबर नहीं सकी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 360 दर्ज किया गया। यह स्तर शुक्रवार के 364 के मुकाबले थोड़ा बेहतर जरूर है, लेकिन हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। घना धुंध और स्मॉग कई इलाकों में पसरा हुआ है, जिससे लोगों की दिनचर्या और सेहत पर असर पड़ रहा है।

राजधानी के कई इलाकों में हालात गंभीर

दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हालात और भी चिंताजनक रहे। आईटीओ का AQI 370 तक पहुंच गया, जबकि नोएडा सेक्टर 125 में AQI 434 दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में 294 AQI रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। आनंद विहार (420), अशोक विहार (403), बवाना (414), जहांगीरपुरी (417), रोहिणी (412), विवेक विहार (424) और नेहरू नगर (402) जैसे इलाकों में प्रदूषण बेहद भयावह बना रहा। घना स्मॉग इंडिया गेट, आईजीआई एयरपोर्ट और अक्षरधाम जैसे स्थानों पर भी छाया रहा। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के कारण ठंडी हवा और प्रदूषक कण नीचे ही जमा हो रहे हैं, जिससे हालात और बिगड़े हुए हैं।

कोर्ट के आदेश और सरकारी सख्ती

दिल्ली हाई कोर्ट ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए सभी आउटडोर स्पोर्ट्स इवेंट तुरंत रद्द करने का निर्देश दिया। यह आदेश स्कूल के बच्चों द्वारा दाखिल की गई याचिका पर आया, जिसमें कहा गया था कि जहरीली हवा में खेलना उनके लिए बेहद हानिकारक है। जस्टिस सचिन दत्ता ने टिप्पणी की कि अधिकारी बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करने में असफल रहे हैं और खेल कैलेंडर में बदलाव जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट ने भी एक अहम निर्देश देते हुए कहा कि GRAP-3 के कारण काम से प्रभावित निर्माण श्रमिकों को भत्ता दिया जाए। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 नवंबर से GRAP-3 लागू है, जिसके तहत निर्माण गतिविधियों, कुछ औद्योगिक कामों और वाहन संचालन पर कई तरह की सीमाएं लागू हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

आईएमडी ने आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में और ठंड बढ़ने की चेतावनी दी है। अगले सप्ताह न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। इसी दौरान कोहरा और धुंध की परत भी जारी रहने की उम्मीद है। दूसरी ओर, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सेन्यार चक्रवात के असर से भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

39 में से 36 स्टेशन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में

आज, शनिवार को राजधानी के अधिकांश मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं। 39 में से 36 स्टेशनों पर AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया, जिनमें 9 स्टेशन ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गए। यह साफ संकेत है कि दिल्ली की हवा अभी भी बेहद खतरनाक बनी हुई है और लंबे समय तक इसके संपर्क में रहना स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article