दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग क्षेत्र में मुनक नहर पर एक एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की है। इस एलिवेटेड रोड के निर्माण से ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इस एलिवेटेड रोड की घोषणा उन्होंने एक उद्घाटन समारोह के दौरान की। बता दें कि आज यानी शनिवार को सीएम रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा के विभिन्न ब्लाकों में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें 40 लाख रुपये की लागत से लाला जगत नारायण मार्ग पर प्रस्तावित यू टर्न का शिलान्यास शामिल है।
कहां से कहां तक होगा एलिवेटेड रोड का निर्माण
मिली जानकारी के अनुसार, एलिवेटेड सड़क परियोजना का निर्माण इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से दिल्ली बॉर्डर तक किया जाएगा। इसमें आउटर और इनर रिंग रोड के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
नई सीवर लाइन का सीएम ने किया उद्घाटन
पीतमपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 60 लाख रुपये की लागत से नई सीवर लाइन के निर्माण का उद्घाटन किया और 11 लाख रुपये के बजट से एसपी-1 से एसपी-65 तक नई सड़क का उद्घाटन किया। इसके अलावा, वीपी और एफपी ब्लाकों में 54 लाख रुपये की लागत से आईजीएल पाइपलाइन परियोजना और जेपी तथा केपी ब्लाकों में 35 लाख रुपये की लागत से आरएमसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
