Lakhvinder Kumar Arrested: सीबीआई ने विदेश और गृह मंत्रालय के सहयोग से एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वांछित अपराधी लखविंदर कुमार को अमेरिका से भारत वापस लाने में सफलता पाई है। लखविंदर कुमार पर हरियाणा पुलिस को कई गंभीर मामलों में तलाश थी, जिनमें जबरन वसूली, धमकी देना, अवैध हथियार रखना और हत्या की कोशिश शामिल हैं। वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ बताया गया है।
हरियाणा पुलिस की अपील पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिसके बाद उसे अमेरिका से डिपोर्ट कर दिया गया। 25 अक्टूबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उसे हरियाणा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई इंटरपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार अपराधियों पर निगरानी रखती है, और पिछले कुछ वर्षों में इस सहयोग से 130 से अधिक अपराधियों को भारत लाया जा चुका है।
लखविंदर पर 130 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
भारत सरकार ने विदेशों में छिपे अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमेरिका से 50 से अधिक लोगों को डिपोर्ट कर भारत लाने में सफलता हासिल की है। इस सूची में हरियाणा का कुख्यात अपराधी लखविंदर कुमार भी शामिल है, जिस पर 130 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। लखविंदर अमेरिका में रहकर अपना जबरन वसूली का नेटवर्क संचालित करता था और अब उसे हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पैसे न देने पर करवाता था अपने साथियों से फायरिंग
हरियाणा के प्रभावशाली व्यापारियों और बिल्डरों को धमकी भरे कॉल कर फिरौती मांगने वाला गैंगस्टर लखविंदर कुमार अब पुलिस की गिरफ्त में है। बताया जाता है कि पैसे न देने पर वह अपने साथियों से फायरिंग करवा देता था। फिलहाल उसे हरियाणा पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी कि उसने राज्य में अपना आपराधिक नेटवर्क कैसे फैलाया, उसके कितने सहयोगी और शूटर वारदातों को अंजाम देते थे। इस मामले में कुछ ऐसे लोग भी सामने आए हैं जो अवैध तरीके से 'डंकी' रूट के जरिए विदेश पहुंचते हैं और वहां अपनी पहचान छुपाकर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
