दिल्ली

BJP के'महामंथन' में प्रस्ताव: PM को 'नीचा दिखाने' के लिए चला अभियान, पर बेनकाब; चुनावों पर नड्डा ने दिया यह पैगाम

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 17, 2023, 06:56 AM IST

BJP National Executive Meeting 2023: भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पहले दिन किरेन रीजीजू ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा। उन्होंने इसके जरिए विपक्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रचार अभियान में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी के सियासी प्रस्ताव में राफेल और नोटबंदी सहित नौ मुद्दों का हवाला देते हुए कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसलों से विपक्षी दलों के नकारात्मक प्रचार अभियान का पर्दाफाश हुआ है।

BJP National Executive Meeting 2023: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का आरोप है कि विपक्ष ने पेगासस स्पाईवेयर, नोटबंदी, राफेल जेट डील और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई सहित कई मामलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘‘नीचा दिखाने’’ के लिए ‘‘नकारात्मक’’ अभियान चलाया, पर इन सभी मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों ने उसे बेनकाब कर दिया। सोमवार (16 जनवरी, 2023) को राजधानी दिल्ली के दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव पेश हुआ। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू की ओर से पेश किए गे इस प्रस्ताव में नौ ऐसे मुद्दों का जिक्र किया गया और इन मामलों में टॉप कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए यह बात कही गई।

राजनीतिक प्रस्ताव का उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ मंत्री गोविंद करजोल ने इसका अनुमोदन किया, जबकि बाद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मीडिया के बीच इस बाबत जानकारी दी। वह बोलीं,‘‘पेगासस, राफेल, ईडी, सेंट्रल विस्टा, आरक्षण और नोटबंदी... ये ऐसे विषय थे जिन पर विपक्ष ने आधारहीन दावों के माध्यम से पीएम पर आरोप लगाए, लेकिन अदालत में उन्हें मुंह की खानी पड़ी। इन मुद्दों पर विपक्ष बेनकाब हुआ और उसे सटीक जवाब मिला।’’ सीतारमण ने कहा कि इससे यह भी साफ हुआ है कि प्रधानमंत्री मोदी की नीयत साफ है और उनकी सरकार में भ्रष्टाचार का कोई स्थान नहीं है।

वित्त मंत्री के मुताबिक, राजनीतिक प्रस्ताव में गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए कहा गया कि वहां भाजपा ने सत्ता विरोधी माहौल को अपने पक्ष में बदल कर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा, ‘‘ये सामान्य नहीं, बल्कि ऐतिहासिक जीत है। गुजरात की जीत का प्रभाव आने वाले विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव पर भी निश्चित ही नजर आएगा।’’ प्रस्ताव में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए प्रधानमंत्री की ओर से उठाए गए विभिन्न कदमों की भी जमकर सराहना की गई। सीतारमण ने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत की छवि अच्छी हुई है और दुनिया अहम मुद्दों पर भारत की ओर देख रही है।

1.3 लाख कमजोर बूथों के लिए यह है प्लान, नड्डा के कार्यकाल पर चर्चा नहीं

इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन कहा कि पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान कुल 1.3 लाख 'कमजोर बूथों' की पहचान की है और उन्हें मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल के विस्तार पर कोई चर्चा नहीं हुई, जो इसी महीने समाप्त हो रहा है।

"पार्टी किसी भी राज्य में हार न जाए...", महामंथन में कही गई यह बात

प्रसाद ने कहा, "गुजरात में भाजपा की जीत को 'ऐतिहासिक' बताते हुए नड्डा ने बैठक के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे आकर नेतृत्व किया और दूसरों को उनसे सीखने की जरूरत है।" प्रसाद ने आगे बताया कि बैठक के दौरान नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए इस साल होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनावों के महत्व को भी रेखांकित किया और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से यह सुनिश्चित करने को कहा कि वह किसी भी राज्य में हार न जाए। (पीटीआई, भाषा और आईएएनएस इनपुट्स के साथ)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article