भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को संसद मार्ग स्थित पटेल चौक से लेकर नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के कन्वेंशन सेंटर तक रोड शो किया। भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में हो रही है।
करीब एक किलोमीटर तक के इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क के दोनों ओर मौजूद थे।सड़क पर जगह-जगह भाजपा के झंडे, पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।
रोड शो में लोगों ने फूल भी बरसाए
कई स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष नड्डा के कटआउट भी लगे थे। सड़क के दोनों ओर अलग-अलग मंच बने हुए थे, जिन पर कलाकार भारतीय संस्कृति की झलक दिखाते हुए नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। कुछ स्थानों पर ढोल और नगाड़ों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। लोगों ने फूल भी बरसाए।
मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर भी चर्चा
कार्यकारिणी स्थल पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। गौर हो कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक सोमवार से दिल्ली में शुरू हुई। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले ये अहम बैठक हो रही है। मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर अलग से चर्चा होगी।
