दिल्ली

राजकीय सम्मान के साथ BJP नेता वी के मल्होत्रा ​​का अंतिम संस्कार, लोधी रोड श्मशान घाट पर बेटे ने दी मुखाग्नि

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के अलावा सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जनसंघ युग के दिग्गज नेता को अंतिम विदाई दी।

Image

दिवंगत बीजेपी नेता विजय कुमार मल्होत्रा का अंतिम संस्कार (फोटो-@gupta_rekha)

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का बुधवार को यहां लोधी रोड श्मशान घाट में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के अलावा सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जनसंघ युग के दिग्गज नेता को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार मल्होत्रा के बेटे अजय ने किया।

इससे पहले, दिन में मल्होत्रा का पार्थिव शरीर रकाबगंज रोड स्थित उनके आवास से पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय ले जाया गया। बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और वीरेंद्र सचदेवा के अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश वर्मा, सांसद कमलजीत सहरावत और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मल्होत्रा को पुष्पांजलि अर्पित की।

जनसंघ युग के राजनेता

जनसंघ युग के राजनेता 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद पार्टी की प्रदेश इकाई के पहले अध्यक्ष थे। मल्होत्रा ने अपने 45 साल के राजनीतिक करियर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक और जनसंघ तथा भाजपा नेता के रूप में अपने काम से विशेष पहचान बनाई। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में इसके विकास के लिए अथक प्रयास किया।

दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे मल्होत्रा ने 1999 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था। सिंह 2004 में प्रधानमंत्री बने। संयोगवश, मल्होत्रा 2004 में दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा के एकमात्र उम्मीदवार थे।

भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख चेहरों में से एक मल्होत्रा ने विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया और 2008 के चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में भी पेश किया गया, जब शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!