Delhi News: दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर एक विवाद हो गया। ये विवाद श्रद्धानंद कॉलोनी का है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों के पथराव शुरू कर दिया, जिसमें उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। इतना ही नहीं इस दौरान 6 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। जिसमें से कुछ लोग धारदार हथियार के वार से घायल हुए हैं।
आरोपियों की तलाश के लिए टीम का गठन
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की और हत्या के प्रयास की, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के की और घर में घुसकर हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिसके लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
कॉलोनी में पुलिस बल तैनात
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद बढ़ते-बढ़ते इतना बढ़ गया कि पथराव और मारपीट में बदल गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार के लोगों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने 15 से 20 युवकों को बुलाकर उन पर हमला करवाया है। इस घटना में बाबू जगजीवन राम को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए और कॉलोनी में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर पी. दयाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
