दिल्ली

Delhi Yamuna Flood: केजरीवाल की अपील-बाढ़ की तस्वीर लेने, वीडियो बनाने यमुना की तरफ न जाएं

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jul 12, 2023, 06:06 PM IST

Delhi Yamuna Flood: केजरीवाल ने कहा कि यमुना का स्तर अभी और बढ़ने की उम्मीद है। हमें ये देखना है कि जान-माल की स्तिथि को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है। यमुना नदी के पास जो लोग रहते हैं उन्हें अपना घर खाली कर देना चाहिए। लोग बाढ़ देखनेॉ, फोटो लेने या वीडियो बनाने के लिए वहां न जाएं।

Delhi Yamuna Flood: दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। सीएम ने कहा कि बीते दो-तीन दिन से दिल्ली में बारिश नहीं हुई है लेकिन यमुना में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से पानी आ रहा है। सीएम ने कहा कि उन्होंने हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी को नियंत्रित करने के लिए गृह मंत्री को पत्र लिखा है। सीएम ने कहा कि यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद लोग तटीय इलाकों में बाढ़ देखने के लिए जा रहे हैं जो कि खतरनाक है। केजरीवाल ने लोगों से यमुना की तरफ न जाने की अपील की है।

लोग बाढ़ की तस्वीरें लेने, वीडियो बनाने न जाएं-केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि यमुना का स्तर अभी और बढ़ने की उम्मीद है। हमें ये देखना है कि जान-माल की स्तिथि को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है। यमुना नदी के पास जो लोग रहते हैं उन्हें अपना घर खाली कर देना चाहिए। लोग बाढ़ देखनेॉ, फोटो लेने या वीडियो बनाने के लिए वहां न जाएं। हमने प्रभावित लोगों के लिए रिलीफ कैंप लगाए हैं। ये मौका एक-दूसरे की मदद करने का है।

बाढ़-संभावित क्षेत्रों में धारा 144 लागू

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़-संभावित क्षेत्रों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी, क्योंकि यमुना नदी का जलस्तर 207.55 मीटर तक बढ़ गया। इससे पहले 1978 में यमुना नदी का जलस्तर यहां रिकॉर्ड 207.49 मीटर तक पहुंचा था। सीआरपीसी की धारा 144 चार या उससे अधिक व्यक्तियों के गैर-कानूनी जमावड़े और समूहों में सार्वजनिक आवाजाही को प्रतिबंधित करती है।

मंत्री आतिशी ने राहत शिविरों का दौरा किया

दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी बाढ़ की स्थिति और निवारक उपायों का जायजा लेने के लिए राहत शिविरों का दौरा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार नदी के तटबंधों को मजबूत कर रही है और लोगों को बाढ़-प्रभावित क्षेत्रों से बाहर निकाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वजीराबाद में सिग्नेचर ब्रिज के पास गढ़ी मांडू गांव जलमग्न हो गया है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है और बाकी को नावों की मदद से बचाया जा रहा है।

207.55 मीटर पर पहुंचा जलस्तर

केंद्रीय जल आयोग के बाढ़-निगरानी पोर्टल के अनुसार, पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 2013 के बाद पहली बार बुधवार सुबह चार बजे 207 मीटर के निशान को पार कर गया तथा अपराह्न एक बजे तक यह बढ़कर 207.55 मीटर हो गया। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जलस्तर और बढ़ने की आशंका है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article