Delhi Acid Attack: दिल्ली में एक बार फिर एसिड अटैक का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा को निशाना बनाया, जिससे उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन व्यक्ति शामिल थे। पीड़ित छात्रा लक्ष्मीबाई कॉलेज की छात्रा है और मुकुंदपुर की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि लगभग एक महीने पहले छात्रा का आरोपियों के साथ तीखी बहस हुई थी। पुलिस के अनुसार, हमला उस समय हुआ जब छात्रा अशोक विहार स्थित कॉलेज की ओर जा रही थी।
आरोपी जितेंद्र अपने दो साथियों के साथ घटना स्थल पर आया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कॉलेज की ओर जा रही थी, तभी मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र अपने साथी इशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचा। इशान ने अरमान को एक बोतल दी और अरमान ने उस पर एसिड फेंक दिया। छात्रा ने बताया कि उसने अपना चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़िता ने आगे बताया कि जितेंद्र उसका पीछा करता था और करीब एक महीने पहले उनके बीच एक तीखी बहस भी हुई थी। फिलहाल वह गंभीर चोटों के इलाज के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती है। घटना के तुरंत बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कहा कि युवती के बयान और जख्मों के आधार पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
