दिल्ली

'AAP' ने भाजपा के 100 दिन के कामकाज पर साधा निशाना, कहा- 'BJP ने दिल्लीवालों का जीवन नरक बना दिया'

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे हो जाएंगे। दिल्ली की जनता ने भाजपा को जनादेश देकर इसलिए सरकार बनाई कि वह दिल्ली के लिए काम कर सके, लेकिन मात्र 100 दिन में भाजपा ने दिल्लीवालों का जीवन नरक बना दिया। दिल्ली में बेहतर काम और अपने वादे पूरा करना तो छोड़िए, भाजपा ने 10 साल से चलती हुई शानदार व्यवस्था को 100 दिन के अंदर खत्म कर दिया।

Image

नेता प्रतिपक्ष आतिशी

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर 'फेल' रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि चार इंजन की सरकार होने के बावजूद भाजपा दिल्लीवालों को कोई नई स्कीम नहीं दे पाई और न तो अपने किसी वादे को ही पूरा किया।

'आप' ने कहा कि भाजपा सरकार ने आम आदमी पार्टी सरकार की जनहितकारी योजनाओं को ही बंद कर दिया। भाजपा सरकार में बिजली व्यवस्था ठप है। महिलाओं को 2,500 और होली पर मुफ्त सिलेंडर नहीं मिले, निजी स्कूलों में 30-80 प्रतिशत फीस बढ़ गई और जल संकट से त्राहि-त्राहि मची हुई है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 15 प्रमुख मुद्दों को चिन्हित किया है, जिसमें भाजपा पूरी तरह से फेल साबित हुई है। यह रिपोर्ट कार्ड दिल्ली की जनता के सामने रख रहे हैं और यह रिपोर्ट कार्ड दिल्लीवालों के घर-घर तक लेकर जाएंगे। पिछले 10 साल में अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों को 24 घंटे निर्बाध बिजली दी। यह केंद्र सरकार के पावर डिपार्टमेंट की रिपोर्ट, आंकड़े और संसद में पेश किए गए कागजात कहते हैं कि दिल्ली में पिछले 10 साल से 24 घंटे बिजली आ रही थी, लेकिन पिछले 100 दिन में बिजली व्यवस्था ठप हो गई।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली में आज जगह-जगह नल से सीवर का गंदा पानी आ रहा है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में डॉक्टर बता रहे हैं कि लोगों में पेट की बीमारियां हो गई हैं, क्योंकि पीने के पानी में सीवर का पानी मिलकर आ रहा है। दिल्ली के इतिहास में पहली बार गर्मियों के मौसम में एक्यूआई 500 पार कर गया। ऐसा आज तक दिल्ली के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ।

आतिशी ने कहा कि भाजपा दिल्ली में चल रही जनहित की योजनाओं को लगातार बंद कर रही है। भाजपा ने मोहल्ला क्लीनिक को बंद करना शुरू कर दिया है और वहां काम करने वाले लोगों को नौकरी से निकालकर बेरोजगार करना शुरू कर दिया है। दिल्ली में ‘‘आप’’ सरकार ने फरिश्ते योजना शुरू की थी। योजना के तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ितों का सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में फ्री में इलाज हो जाता था। अब यह स्कीम भाजपा सरकार ने बंद कर दी है। भाजपा ने 60 दिन में बस मार्शल को वापस रखने का वादा किया था, लेकिन भाजपा ने इस वादे को भी पूरा नहीं किया।

आतिशी ने कहा कि भाजपा ने मात्र 100 दिन में 25 हजार लाचार विधवाओं की पेंशन काट दी। भाजपा ने सरकार बनने के तुरंत बाद अपने सारे दफ्तरों से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर और भगत सिंह की फोटो हटा दी। भाजपा ने दिल्लीवालों से दो सबसे बड़े वादे किए थे। पहला, 8 मार्च को दिल्ली की सभी महिलाओं को 2,500 रुपए देना, यह वादा पूरा नहीं हुआ। दूसरा, होली-दीपावली पर मुफ्त और सामान्य दिनों में 500 रुपए का सिलेंडर देना, यह वादा भी पूरा नहीं हुआ।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार आई है। इसे बड़ी जीत की तरह देखा जा सकता है। 27 साल बाद किसी पार्टी को दिल्ली में सरकार बनाने का मौका मिला। दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है। हम लोग एलजी को चौथा इंजन कहकर महज मजाक उड़ा रहे थे, लेकिन अब दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता खुद कहने लगी हैं कि हमारी चार इंजन की सरकार है। सब कुछ इनके नियंत्रण में है। ऐसी सरकार को तो नई-नई सुविधाओं की झड़ी लगा देनी चाहिए, लेकिन भाजपा ने दिल्लीवालों को कोई सुविधाएं नहीं दी। भाजपा सरकार ने 100 दिन में 100 झूठ बोले हैं। ये लोग रोज झूठ बोलते हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा बसें खरीदी गई थीं और उद्घाटन भी किया गया था। भाजपा ने उन बसों का नाम बदलकर ‘देवी’ कर दिया। ये लोग झूठ बोलते हैं कि सभी प्राइवेट स्कूलों का ऑडिट करा लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article