दिल्ली

दिल्ली में मॉनसून के पहले दिन रिकॉर्डतोड़ बारिश, आज भी झूमकर बरसेंगे मेघ, ऑरेंज अलर्ट जारी

आज का मौसम दिल्ली, 29 June 2024 Delhi mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में शुक्रवार को मॉनसून की पहली बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले दो दिन के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Image

दिल्ली में मौसम का हाल

Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में मॉनसून की दस्तक हो चुकी है। शुक्रवार को राजधानी में मॉनसून की पहली बारिश हुई। इस दिन हुई झमाझम बारिश ने दिल्ली को पानी-पानी कर दिया और कई जगह जलभराव देखने को मिला। इस बारिश ने पिछले कई सालों की बारिश का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरअसल शुक्रवार को दिल्ली में जितनी बारिश हुई है, यह पिछले 88 सालों में जून के महीने में हुई सबसे अधिक बारिश है। दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में अगले दो दिन जमकर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली में घने बादल छाए रहने वाले हैं। आज यहां मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। साथ ही आंधी आने के भी आसार हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले दो दिन तक दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 26 के बीच रहने की संभावना है।

लगातार तीन घंटे बरसे मेघ

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह से ही बारिश की शुरुआत हो गई। मॉनसून के पहले दिन राजधानी में लगातार तीन घंटे बारिश हुई। सफदरजंग मौसम वेधशाला के अनुसार दिल्ली में सुबह 2:30 बजे से 5:30 बजे तक सबसे अधिक बारिश हुई। इस दौरान 288 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में साल 1936 के बाद बीते 88 सालों में इस महीने सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। साल 1901 से 2024 के दौरान यह दूसरी सबसे अधिक बारिश भी है।

कई इलाके हुए जलमग्न

दिल्ली में शुक्रवार को बारिश के चलते सड़कों से लेकर घरों तक पानी देखने को मिला। जगह-जगह जलभराव होने से लोग जहां-तहां फंसने से परेशान रहे। कई जगहों पर तो कारें भी बारिश के पानी में डूबी हुई दिखी। बारिश के चलते राजधानी में हादसा भी हुआ। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा बारिश के कारण ढह गया। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। साथ ही फ्लाइट्स का संचालन भी निलंबति कर दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article