नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को ऑनलाइन दोस्ती के बहाने फंसाकर अगवा कर लिया गया। दिल्ली पुलिस की फुर्ती से युवक की जान बच पाई, वरना साज़िश कुछ और बड़ी हो सकती थी।
दरअसल, 20 साल का निखिल पाल उर्फ चेतन, दो महीने से 'खुशी' नाम की लड़की से वॉट्सऐप पर बात कर रहा था। 3 जुलाई को निखिल उससे मिलने गया और फिर लौटकर घर नहीं आया। उसी दिन उसकी बहन को निखिल के फोन से एक कॉल आया – फोन पर एक अनजान लड़का था जिसने खुद को खुशी का भाई बताया। उसने कहा कि निखिल को होटल में खुशी के साथ पकड़ा है और अब वो घर नहीं लौटेगा। इसके बाद फोन स्विच ऑफ कर दिया गया।
लोकेशन ट्रैक कर पहुंची पुलिस
परिवार ने तुरंत शकरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम ने CDR सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और सबसे पहले नोएडा सेक्टर-6 पहुंची। वहां निखिल नहीं मिला। थोड़ी देर बाद मोबाइल फिर ऑन हुआ, और लोकेशन मिली मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के पास यमुना खादर इलाके में।
पकड़े गए आरोपी
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि कुछ लोग निखिल को पीट रहे थे। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी बाइक समेत गिरा और पकड़ा गया। उसकी पहचान 31 साल के संजीव कुमार लोहिया (निवासी त्रिलोकपुरी) के रूप में हुई। उसके पास से निखिल का फोन भी बरामद हुआ।
मकसद फंसाकर पैसे ऐंठना था
निखिल ने बताया कि वह खुशी से मिलने लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन गया था। वहां से वो खुशी के साथ इंदिरापुरम मॉल गया। लौटते वक्त कुछ लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया, एक सुनसान जगह ले जाकर पीटा और परिवार को धमकी दी। निखिल ने ये भी बताया कि खुशी भी पूरे प्लान में शामिल थी और उसी ने उसे फंसाया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी इस प्लान को दो महीने से बना रहे थे। उनका मकसद था निखिल को फंसाकर डराना और पैसे ऐंठना।
पुलिस की जनता से अपील
सोशल मीडिया पर किसी अजनबी से दोस्ती करने से पहले सावधानी ज़रूर बरतें। अनजान लोगों से मिलने अकेले ना जाएं। बच्चों के ऑनलाइन व्यवहार पर पेरेंट्स नज़र रखें और संवाद बनाए रखें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 पर कॉल करें। दिल्ली पुलिस ने वक्त रहते एक बड़ी वारदात टाल दी। आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
