दिल्ली

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा दिल्ली का यह महत्वपूर्ण रोड, एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान

दिल्ली में 17 किमी लंबी एक एक्सटेंशन रोड बनाई जाएगी, जो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को UER-2 से जोड़ेगी। इन दोनों महत्वपूर्ण रोड प्रोजेक्ट के साथ ही इस 17 किमी की रोड के बन जाने से दिल्ली को ट्रैफिक जाम से काफी हद तक मुक्ति मिलने की उम्मीद है।

Image

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और UER-2 को जोड़ेगी यह सड़क (फोटो - AI Image)

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी ही बेसब्री से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के खुलने का इंतजार है। इसी तरह अर्बन एक्सटेंशन रोड -2 (UER-2) का काम पूरा होने का भी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इन दोनों रोड प्रोजेक्ट का काम पूरा होने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी सहूलियत होगी। अच्छी खबर ये है कि अब इन दोनों रोड प्रोजेक्ट को आपस में जोड़ा जाएगा।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और UER-2 को जोड़ने के लिए अलीपुर से ट्रोनिका सिटी (गाजियाबाद) तक 17 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क हिनरकी होते हुए मंडोला तक जाएगी। इस 17 किमी लंबी सड़क का उपयोग NH44 के बाइपास के तौर पर भी किया जाएगा।

दोनों बड़े रोड प्रोजेक्ट को आपस में जोड़ने वाले इस एक्सटेंशन से उत्तर दिल्ली के साथ ही उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी फायदा मिलेगा। यही नहीं इससे उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

इन दोनों रोड प्रोजेक्ट का काम पूरा होने और 17 किमी के कनेक्टर के बन जाने से NH 44, 48 और दिल्ली के रिंग रोड के साथ ही बारापुला पर भी ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। हरियाणा और राजस्थान से देहरादून, मसूरी और पोंटा साहिब की ओर जाने वाले यात्री वाहन दिल्ली के जाम में फंसे बिना सीधे एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे।

इससे न सिर्फ उनके यात्रा के समय में बचत होगी। बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी और ईंधन की खपत कम होने के खर्चा भी कम होगा। इस नई सड़क के बन जाने से दिल्ली के अंदर से होकर जाने वाले अन्य राज्यों के भारी वाहनों को दिल्ली के बाहरी इलाके से तेजी से अपने गंतव्य की ओर जाने में मदद मिलेगी। इस 17 किमी के रोड की डीपीआर के लिए बिड जारी हो चुकी हैं और आज यह अवॉर्ड हो सकती है।

गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ेगा 65 किलोमीटर लंबा नया रूट

UER-2 से एनसीआर के प्रमुख शहरों गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ने के लिए भी 65 किमी लंबी रोड बनाई जाएगी। अलीपुर से मंडोला तक 17 किमी लंबी सड़क को मंजूरी मिल चुकी है और इसके बाद मंडोला से फर्रुखनगर, हिंडन, इंदिरापुरम होते हुए छिजारसी में FNG (फरीदाबाद-नोएगा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे) को इससे जोड़ने की भी योजना है।

FNG के जरिए ग्रेटर नोएडा भी इस रोड से जुड़ जाएगा। यह रोड दिल्ली-एनसीआर के लिए काफी अहम होगी। इस सड़क के बन जाने के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, डीएनडी, यमुना एक्सप्रेसवे भी आपस में जुड़ जाएंगे। इससे दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद के कई इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिसमें लोनी, बागपत, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली शामिल है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article