शहर

नए साल के जश्न के मद्देनजर दिल्ली में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर होगी तैनाती; सामने आया प्लान

New Year Celebration: दिल्ली पुलिस ने नए साल के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर के प्रवेश बिंदुओं, पार्टी जोन, बाजारों और ‘नाइटलाइफ’ स्थलों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी से निपटने के लिए विस्तृत योजना बनाई है।

Image

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा (फाइल फोटो)

New Year Celebration: दिल्ली पुलिस ने नए साल के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, यातायात नियमों के उल्लंघन और हुड़दंग को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और अर्धसैनिक बलों सहित लगभग 20,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा

उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों से आने वाली भीड़ की संभावना को देखते हुए हरियाणा और उत्तर प्रदेश से सटी दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर के प्रवेश बिंदुओं, पार्टी जोन, बाजारों और ‘नाइटलाइफ’ स्थलों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘यातायात पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी से निपटने के लिए विस्तृत योजना बनाई है। जांच बिंदुओं पर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ का बड़े पैमाने पर उपयोग होगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

वाहनों की होगी जब्ती!

पुलिस ‘ब्रेथ एनालाइजर’ का उपयोग यह पता लगाने के लिए करती है कि वाहन चालक ने निर्धारित सीमा से अधिक शराब तो नहीं पी रखी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने या स्टंट करने पर वाहन को तत्काल जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस, हौज खास और प्रमुख मॉल परिसरों के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था की गई है।

अधिकारी के अनुसार, कनॉट प्लेस के ‘इनर सर्कल’ में केवल वैध स्टिकर वाले वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा, इंडिया गेट पर भी अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारियों को पूरी रात अपने दल के साथ सड़कों पर रहने का निर्देश दिया गया है, जबकि रणनीतिक स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) तैनात की गई हैं। अधिकारी ने कहा कि नियमित सत्यापन अभियान के एक भाग के रूप में पुलिस होटल, गेस्ट हाउस, रैन बसेरों और बस व रेलवे स्टेशनों की भी जांच करेगी ताकि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article