शहर

Delhi AQI: स्विटजरलैंड जैसी हुई दिल्ली की हवा, बादलों ने गर्मी के साथ प्रदूषण को भी धो डाला

Delhi AQI: दिल्ली में मूसलाधार बारिश से जहां रफ्तार थम गई, वहीं प्रदूषण से भारी राहत मिली है। दिल्ली का AQI रिकॉर्ड 48 पर पहुंच गया है, जो सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ हवा का रिकॉर्ड है।

Image

बारिश से दिल्ली की हवा हुई साफ

Photo : Times Now Digital

Delhi AQI: देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को मानसून की मूसलाधार और लगातार बारिश ने जहां एक तरफ सड़कों को जलमग्न कर दिया और ट्रैफिक की रफ्तार रोक दी, वहीं दूसरी तरफ दिल्लीवालों को एक ऐतिहासिक तोहफा भी दिया है। इस भारी बारिश की बदौलत दिल्ली की हवा सितंबर 2023 के बाद यानी पिछले करीब तीन साल में सबसे साफ दर्ज की गई है। राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रिकॉर्ड 48 पर पहुंच गया, जो 'बेहद अच्छी' श्रेणी में आता है। इससे पहले 10 सितंबर 2023 को दिल्ली का AQI 45 दर्ज किया गया था।CPCB के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का AQI 9 बजे तक 54 दर्ज किया गया है। जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। बता दें कि IQ Air साइट के मुताबिक स्विटजरलैंड के मशहूर जेनेवा शहर का AQI फिलहाल 56 है और वहीं लोजान में 50 है। हालांकि स्विटजरलैंड के बाकी शहरों का हाल काफी बेहतर है और वहां इंडेक्स 30-35 के आसपास है।

बारिश के आंकड़ों में चेरापूंजी भी पीछे छूटा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार सुबह से लेकर गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दिल्ली में सामान्य से 991 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसने मेघालय के चेरापूंजी को भी पीछे छोड़ दिया, जहां इस अवधि में सामान्य से केवल 26% अधिक (71.1 मिमी) बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली के किस इलाके में कितनी हुई बारिश?

दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बादलों ने जमकर तबाही और राहत दोनों बरसाई। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजुरी स्थित तुखमीरपुर में सबसे ज्यादा पानी बरसा। तुखमीरपुर में 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 90 मिमी और महरौली में 86 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूसा और लोधी रोड में 83 मिमी, जबकि पालम और नारायणा में 63 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा प्रगति मैदान में 50 मिमी और नजफगढ़ में 43 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार सुबह से शाम के बीच भी सफदरजंग और लोधी रोड क्षेत्रों में 32 मिमी से अधिक अतिरिक्त बारिश हुई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article