शहर

Delhi Monsoon Rain: आखिर दिल्ली-NCR पर मेहरबान हुए बादल, कई इलाकों में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना

दिल्ली में मॉनसून की बारिश: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर को आखिर बादल मेहरबान हुए और कई इलाकों में झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया।

Image

दिल्ली के कई इलाको में झमाझम बारिश

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • मंगलवार 7 जुलाई को दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली।
  • बारिश की बूंदों के साथ तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है
  • नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई।


Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में आज यानी मंगलवार 7 जुलाई को दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली। पिछल कुछ दिनों से यहां बारिश का माहौल तो बना, लेकिन बारिश को लोग तरसते रहे। आखिर आज दोपहर में बादल मेहरबान हुए और झमाझम बारिश ने राजधानी और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।

बारिश का असर राजधानी के प्रमुख इलाकों के साथ-साथ NCR के प्रमुख शहरों नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि में भी देखने को मिला। हालांकि, राहत भरी बारिश के साथ कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। अगर बारिश जारी रहती है तो इससे शाम के समय ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। बारिश के दौरान राजधानी की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति भी भी देखी गई।

बारिश और आंधी का रेड अलर्ट

आज दोपहर में अचानक हुई बारिश से कुछ देर पहले तक तेज धूप खिली हुई थी। बारिश की बूंदों के साथ तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। इस बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज आंधी का रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बता दें कि बारिश का यह दौर शाम 5 बजे तक जारी रह सकता है।

IMD ने नाउ कास्ट जारी किया है और इसके तहत उत्तरी दिल्ली में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां आज दोपहर में कुछ इलाकों में मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत

मौसम में आए इस बदलाव के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। दफ्तरों से लौटने वाले लोगों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों को बारिश के कारण कुछ दिक्कतों का भी सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग पहले ही दिल्ली-एनसीआर में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना जता चुका था। जानकारों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बादल छाए रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। जिससे अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है।

ऐसे में आपसे अपील है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले मार्गों पर सावधानी बरतें और जरूरी न होने पर यात्रा न करें। वाहन चालकों को भी फिसलन और लो विजिबिलिटी को देखते हुए स्पीड पर नियंत्रण रखने की सलाह दी जाती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article