शहर

Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में बारिश फिर बढ़ाएगी मुश्किलें, अगले कुछ घंटों में बरसेंगे बादल; जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट

Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है और शनिवार सुबह कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। IMD ने दोपहर से शाम तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश बढ़ने की संभावना जताई है।

Image

दिल्ली NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज (AI फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi NCR Weather: शुक्रवार कृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर तेज बौछारें भी दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने आज राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग मौसम केंद्र में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह 5:30 बजे तक 0.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बाद सुबह 5:30 से 8:30 बजे के बीच 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। रात के दौरान दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश के चलते जन्माष्टमी के उत्सव के दौरान लोगों को जलभराव और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।

क्या है IMD का लेटेस्ट अपडेट?

इसके अलावा IMD ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर के मौसम को लेकर अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश की ओर से बढ़ रहे नए बादल दोपहर करीब 2:30 बजे से शाम 5 बजे के बीच नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश करा सकते हैं। वहीं, अलग-अलग क्षेत्रों में बन रहे बारिश वाले बादल आपस में मिलकर शाम 4 से 7 बजे के दौरान दिल्ली और गुरुग्राम के कई हिस्सों को प्रभावित कर सकते हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है, इसलिए लोगों को शाम के समय घर से निकलने से पहले मौसम और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखने तथा यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?

कल यानी 6 सितंबर को राजधानी में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर से शाम के बीच दिल्ली के कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है। सुबह के समय पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार करीब 10 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। दोपहर में हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी होने के साथ गति बढ़कर 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, शाम और रात के दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाएं 18 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने का अनुमान है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article