शहर

Delhi News: अचार फैक्टरी में मौत का कुआं! पिता-बेटे की दम घुटने से मौत

दिल्ली के नांगलोई में अचार फैक्टरी के कुएं में दम घुटने से फैक्टरी मालिक उनके बेटे नीरज की मौत हो गई। एक मजदूर के बेहोश होने पर मालिक और उनके दो बेटे उसे बचाने के लिए कुएं में उतरे, लेकिन ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए। मजदूर और एक बेटा बच गया, लेकिन पिता-पुत्र की की मौत हो गई।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां अचार बनाने की एक फैक्टरी में कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई। ये लोग एक मजदूर के बेहोश होने पर उसे बचाने के लिए नीचे उतरे थे, लेकिन दम घुटने के कारण दोनों की मौत हो गई।मृतक की पहचान 60 वर्षीय फैक्टरी मालिक अनिल और 32 वर्षीय बेटे नीरज के तौर पर हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि विनिर्माण इकाई एक आवासीय इमारत के भूतल से संचालित होती थी, जबकि इसके मालिक अनिल अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। जांच में पता चला कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं थे, जहां अचार बनाकर रखा जाता था। एक अधिकारी ने कहा, "शनिवार को, एक मजदूर काम के लिए एक कुएं में उतरा था, लेकिन कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गया।" अधिकारी ने बताया कि मजदूर को गिरते देख फैक्टरी मालिक और उनके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। अधिकारी ने कहा, हालांकि, ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी कुएं में बेहोश हो गए।

स्थानीय लोगों ने सभी को कुएं से बाहर निकाला

अधिकारी ने बताया कि शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मजदूर और संदीप को होश आ गया, जबकि अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया और उन्हें संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दम घुटने के सही कारण और फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article