शहर

Delhi Jaipur Highway Traffic: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भारी वाहनों की 'नो-एंट्री', मानेसर एलिवेटेड रोड को लेकर पुलिस का नया ट्रैफिक प्लान जारी

Delhi Traffic Diversion: दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर मानेसर एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण के चलते गुरुग्राम पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पचगांव चौक से आईएमटी चौक तक सुबह 9 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन चालकों को केएमपी और द्वारका एक्सप्रेस-वे रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Image

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बदला ट्रैफिक का नियम

Photo : Times Now Digital

Gurugram Traffic Diversion: अगर आप दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 (NH-48) के रास्ते भारी वाहनों यानी ट्रक, ट्रॉली और कमर्शियल व्हीकल से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। गुरुग्राम में मानेसर फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने और हाईवे को जाम मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन और गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। नए आदेश के मुताबिक, जयपुर से दिल्ली की ओर आने वाले भारी वाहनों की एंट्री प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह पाबंदी पचगांव चौक केएमपी (KMP) फ्लाईओवर से लेकर आईएमटी (IMT) चौक मानेसर तक लागू की गई है।

सिर्फ सर्विस लेन चालू, शनिवार को लगा था लंबा जाम

दरअसल, मानेसर में एलिवेटेड रोड के निर्माण के चलते जयपुर से दिल्ली जाने वाली मुख्य लाइन को पहले ही बंद किया जा चुका है। वर्तमान में सारा ट्रैफिक सिर्फ सर्विस लेन से होकर गुजर रहा है, जिसकी वजह से इस रूट पर गाड़ियों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। बीते शनिवार को भी इस इलाके में शनि मंदिर तक कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम देखा गया था। इसी स्थिति से निपटने और निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए पुलिस ने पचगांव चौक और आईएमटी चौक पर पक्की नाकेबंदी करने का फैसला लिया है।

इन वाहनों को मिलेगी पाबंदी से छूट

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि सुबह 9 से रात 9 बजे तक लागू रहने वाले इस प्रतिबंध से आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को पूरी तरह छूट रहेगी। इनमें एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के वाहन, आवश्यक सेवाओं और जरूरी सरकारी ड्यूटियों में लगे वाहन शामिल हैं। इसके अलावा, सुरक्षा और सुचारू ट्रैफिक को देखते हुए प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान हाईवे पर किसी भी प्रकार के नए प्रवेश मार्ग या अवैध कट बनाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

भारी वाहनों के लिए ये हैं 'वैकल्पिक मार्ग'

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए भारी वाहनों के ड्राइवरों के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन अब पचगांव चौक से सीधे केएमपी एक्सप्रेस-वे (KMP Expressway) पर डायवर्ट हो जाएंगे। KMP से होते हुए ये वाहन पटौदी रोड और फर्रूखनगर रोड के रास्ते द्वारका एक्सप्रेस-वे (Dwarka Expressway) या अन्य लिंक रोड का उपयोग कर अपने दिल्ली या गुरुग्राम तक पहुंच सकेंगे। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने आम जनता और विशेषकर कमर्शियल वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए नए ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का चुनाव करें और सड़कों पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article