शहर

Delhi Fire: दिल्ली के मंगोलपुरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, दुकानों के साथ गाड़ियां भी जलकर खाक

Delhi Fire: दिल्ली के मंगोलपुरी S-Block स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में 11 दुकानें और कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

Image

आग से 11 दुकानें खाक (स्क्रीनग्रैब: ANI)

Photo : ANI

Delhi Fire: देश की राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां के S-Block में स्थित एक प्रसिद्ध फर्नीचर मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को दी।

फायर ब्रिगेड ने मुस्तैदी से पाया काबू

राहत की बात यह है कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़े मशक्कत के बाद अब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है । शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, जो एक बड़ी राहत की बात है।

11 दुकानें और गाड़ियां आईं चपेट में: फायर ऑफिसर

घटनास्थल पर मौजूद फायर ऑफिसर भूपिंदर शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया "इस फर्नीचर मार्केट में कुल 11 दुकानें हैं। आग लगने के बाद लपटें इतनी तेज थीं कि दुकानों के ठीक पीछे पार्क की गई कुछ गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और उनमें भी आग लग गई। हालांकि, हमारी टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया है।"

लाखों के नुकसान की आशंका

फर्नीचर मार्केट होने के कारण यहां भारी मात्रा में सूखी लकड़ी, प्लाईवुड, फोम और केमिकल मौजूद थे, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है, लेकिन दुकानों में रखा लाखों रुपये का कीमती फर्नीचर और पीछे खड़ी गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें अब मौके पर पहुंचकर आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही हैं। आसपास के चश्मदीदों का कहना है कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचतीं, तो यह आग पास के रिहायशी इलाके में भी फैल सकती थी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article