शहर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोरोना योद्धाओं को दी श्रद्धांजलि, परिवारों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता

सीएम रेखा गुप्ता ने कोरोना काल में जान गंवाने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स के परिजनों से मिलकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी पीड़ा में सहभागी बनीं। सरकार ने लंबे समय से लंबित सहायता राशि जारी करते हुए प्रभावित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की।

Image

सीएम रेखा गुप्ता ने कोरोना योद्धाओं के परिवारों दी ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान ड्यूटी करते हुए अपनी जान गंवाने वाले छह सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को बुधवार को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने कहा, " कोविड योद्धाओं के परिवारों को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। यह आर्थिक मदद केवल एक सहारा है ताकि परिवारों को रोजमर्रा की परेशानियों में कुछ राहत मिल सके।"

एक-एक करोड़ रुपये के चेक सौंपे

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और वे केवल अपने परिवारों के ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के नायक हैं। गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी), दिल्ली जल बोर्ड, इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) एवं मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े दिवंगत छह कर्मचारियों के परिजनों को सचिवालय में हुए एक कार्यक्रम में एक-एक करोड़ रुपये के चेक सौंपे।

एएसआई राधे श्याम के परिवार को भी दी सहायता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहायता राशि देने में हुई देरी पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ऐसे मामलों को अब सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगे किसी भी पात्र परिवार को मदद पाने के लिए बेवजह इंतजार न करना पड़े। बयान के मुताबिक, इसके अलावा, ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दिल्ली यातायात पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राधे श्याम के परिवार को भी एक करोड़ रुपये की सहायता दी गई।

द्वारका में जान गंवाने वाले बच्चे के परिजनों को भी आर्थिक मदद

इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने द्वारका में जान गंवाने वाले एक बच्चे के परिवार को भी आर्थिक मदद दी है। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (डीएसआईआईडीसी) की सीएसआर पहल के अंतर्गत बुढपुर स्थित ’अपना घर आश्रम’ को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक वितरित किया।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article