वर्तमान का संघर्ष भविष्य का निर्माता, DU में बोले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता
- Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
- Updated Feb 17, 2026, 06:04 PM IST
दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अम्बेडकर कॉलेज में 17 फरवरी संपन्न हुए 35वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर कहीं। कार्यक्रम में अकादमिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अम्बेडकर कॉलेज के 35वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी का संघर्ष ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वर्णिम मार्ग तैयार करता है। वह डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित 35वें वार्षिकोत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विजेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का परिश्रम देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के संघर्ष ने देश को आजादी दिलाई और आज की पीढ़ी विकास की विरासत को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने छात्रों से समय के साथ चलने और निरंतर परिवर्तन को स्वीकार करने का आह्वान किया।
दिल्ली देश की पहली विधानसभा है जो सौर ऊर्जा से संचालित
इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली विधानसभा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह देश की पहली ऐसी विधानसभा है जो सौर ऊर्जा से संचालित होती है और जिसकी कार्यवाही पूरी तरह पेपरलेस है। इससे प्रत्येक सत्र में लगभग सौ पेड़ों की रक्षा होती है। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा द्वारा तैयार डॉक्यूमेंट्री ‘वीर विट्ठल भाई पटेलजी: इंडियाज फर्स्ट इलेक्टेड स्पीकर’ भी प्रदर्शित की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत में सूरीनाम गणराज्य की राजनयिक सुनैना मोहन ने भारतीय मूल के गिरमिटिया मजदूरों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि सूरीनाम में आज भी भारतीय भाषा और संस्कृति जीवंत है। उन्होंने महाविद्यालय के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने के लिए पारस्परिक समझौते की इच्छा भी जताई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। समारोह में विभिन्न संकायों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बीए प्रोग्राम के तृतीय वर्ष के हर्ष कुमार सिंह को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. दीपाली जैन एवं सह-संयोजन प्रो. ममता ने किया, जबकि संचालन प्रो. शशि रानी और प्रो. पूनम मित्तल ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और पूर्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसे मिला पुरस्कार
वार्षिकोत्सव समारोह में सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का पुरस्कार बीए प्रोग्राम के तृतीय वर्ष के हर्ष कुमार सिंह को दिया गया। शीतला प्रसाद सिंह पुरस्कार 2025 हिन्दी पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थी करुणा नयन चतुर्वेदी को दिया गया। एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर का पुरस्कार सक्षम पाण्डेय और हिना को दिया गया। कैडेट कैप्टन का पुरस्कार किशन कुमार साहू को प्रदान किया गया। योगेश वार्ष्णेय गोल्ड मेडल बीए ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स तृतीय वर्ष की रिदिमा को, मां लक्ष्मी देवी मेमोरियल गोल्ड मेडल हिन्दी पत्रकारिता की सौम्या पटेल, सुल्तानचंद मेमोरियल गोल्ड मेडल बीकॉम ऑनर्स की पलक पांडेय, बीपी मौर्या मेमोरियल मेरिटोरिअस अवार्ड बीए प्रोग्राम के शार्दुल पांडेय, बापू पीएन सिंह गोल्ड मेडल बीए ऑनर्स सोशल वर्क इति श्रीवास्तव को दिया गया।
कार्यक्रम के मौजूद रहे ये गणमान्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने पौधा, महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष प्रो. रणजित् बेहेरा ने शॉल और स्मृति चिन्ह प्रो. बिजेन्द्र कुमार ने देकर स्वागत किया। इस अवसर पर कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक और पूर्व कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे जिन्हें महाविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैंकड़ों विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रो. बिजेन्द्र कुमार, प्रो. राजेश उपाध्याय, प्रो. नीरव अडालजा , डॉ विनीत कुमार , डॉ मधुरेश, डॉ राजबाला गौतम, प्रो. कुसुम नेहरा, प्रो. ममता वालिया, प्रो. संजीव कुमार, डॉ जितेन्द्र नागर, डॉ राकेश कुमार, डॉ सुभाष गौतम, डॉ रंजीत कुमार, डॉ प्रवीण झा, डॉ महेश कुमार, डॉ तारा शंकर , डॉ तृष्णा, प्रो. नरेन्द्र ठाकुर, प्रो. सुनीता मलिक, डॉ सुनीता शर्मा उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
