शहर

NEET Re-Test से पहले टूटा हौसला, हैदराबाद में छात्रा ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट पर लिखी यह बात

हैदराबाद में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की एक 19 वर्षीय अभ्यर्थी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

हैदराबाद में नीट की एक अभ्यर्थी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि 19 वर्षीय लड़की मियापुर के एक अपार्टमेंट में अपनी बहनों के साथ रह रही थी और शनिवार को उसने कथित तौर पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतका द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक नोट बरामद किया है, जिसमें उसने कहा है कि "उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।" पुलिस को आशंका है कि उसने रविवार को होने वाले राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पुनर्परीक्षा का "दबाव" सहन न कर पाने के कारण यह कदम उठाया।

अधिकारियों का कहना है कि पढ़ाई का दबाव, परिवार की उम्मीदें और पिछली नाकामियों की वजह से हुई घबराहट के कारण उसने यह कठोर कदम उठाया होगा। दुपट्टे से फंदा लगाकर जान देने वाली इस छात्रा ने अंग्रेजी में एक नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।

पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला कि सना ने पिछले साल भी यह परीक्षा दी थी, लेकिन वह पास नहीं हो पाई थी। बाद में उसने लंबे समय तक कोचिंग ली और पिछले महीने हुई परीक्षा में शामिल हुई। वह रविवार को होने वाली दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार को नाश्ते के बाद सना अपने कमरे में चली गई। उसकी बहनों को लगा कि वह परीक्षा की तैयारी कर रही है, लेकिन जब वह शाम तक बाहर नहीं आई तो उन्होंने दरवाजा खोला और अपनी बहन को फंदे से लटका हुआ पाया। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेजा। इसके साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सना की बहनें 10वीं और 6वीं क्लास में पढ़ती हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चों की देखभाल उनकी मौसी कर रही हैं। 3 मई को हुए नीट परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द होने के बाद से देश में नीट की तैयारी करने वाले कई छात्रों ने आत्महत्या की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article