शहर

Chhindwara News: लावारिस पड़ी मिठाई खाने से तीन लोगों की मौत से हड़कंप, कई बीमार

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में लावारिस पड़ी मिठाई खाने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनके अलावा कई लोग बीमार पड़ गए। बीमार लोगों में उल्टी, दस्त, चक्कर आना और बेहोशी जैसे गंभीर लक्षण दिख रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

छिंदवाड़ा में लावारिस मिठाई खाने से 3 की मौत

खबर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से है, जहां लावारिस पड़ी मिठाई खाने से तीन लोगों की मौत हो गई है। लावारिस पड़ी मिठाई खाने से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। इस सनसनीखेज और रहस्यमय मामले में अब तीसरी मौत भी हो चुकी है। एक के बाद एक तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल है।

खबर के मुताबिक घटना छिंदवाड़ा में जुन्नारदेव क्षेत्र की है, जहां कुछ दिन पहले सड़क किनारे और एक सरकारी भवन परिसर के पास लावारिस हालत में मिठाई पड़ी मिली थी। कुछ लोगों ने उस मिठाई को बिना किसी शक के उठा लिया और खा गए, लेकिन यह लापरवाही उनके लिए अब जानलेवा साबित हो रही है।

मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद अचालन से लोगों की सेहत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त, चक्कर आना और बेहोशी जैसे गंभीर लक्षण दिखने लगे। खबरों के मुताबिक सबसे पहले पीएचई विभाग में काम करने वाले एक चौकीदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। अब आज यानी बुधवार 14 जनवरी को तीसरी मौत की पुष्टि हो गई है।

बताया जा रहा है कि मृतकों के अलावा एक ही परिवार के कई अन्य लोग भी इस मिठाई को खाने के बाद बीमार हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मरीजों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

प्रशासन को जैसे ही इस घटना के बारे में जानकारी मिली, प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। तुरंत स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अलर्ट किया गया और पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मिठाई में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मिठाई कहां से आई और किसने वहां छोड़ी। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कहीं से भी लावारिस खाने-पीने की चीजें न उठाएं और संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत सूचना दें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article