Raigarh B.Tech Student Suicide: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में स्थित एक विश्वविद्यालय में बी-टेक की पढ़ाई कर रही झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल में अपने कमरे के भीतर फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 8:30 बजे परिजनों ने उससे फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन जब बार-बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें चिंता सताने लगी।
परिजनों द्वारा लगातार कॉल करने के बावजूद छात्रा ने फोन नहीं उठाया, तो उन्होंने यह बात हॉस्टल की वार्डन को बताई। सूचना पाकर वार्डन छात्रा के कमरे तक पहुंचीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने पर वार्डन ने खिड़की से झांककर देखा, तो छात्रा को फंदे से लटका पाया। इसकी जानकारी तुरंत हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्राओं को दी गई और फिर रायगढ़ के पूंजीपथरा थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा।
माता-पिता से माफी मांगी
पुलिस ने घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दी और शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना की खबर पाकर छात्रा के परिवार वाले रायगढ़ पहुंच गए। पुलिस ने छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है कि वह उनकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई।
आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच जारी
छात्रा ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि पढ़ाई पर काफी खर्च हो चुका है, जिससे परिवार की बचत खत्म हो रही है, और साथ ही वह पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। नोट में उसने अपने माता-पिता से कई बार माफी मांगी है। छात्रा बी-टेक के सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रही थी। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
(इनपुट - आईएएनएस)
