CM Vishnu Deo Sai Meets PM Modi: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र के व्यापक विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर में स्थापित शांति के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट सौंपा। उन्होंने प्रधानमंत्री को मानसून के बाद बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया, जिसमें कई प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है।
पूरे राज्य में नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब बस्तर और पूरे राज्य में नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है और शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव की योजना है। नई एजुकेशन सिटी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं। इंद्रावती नदी पर बैराज, रेल लाइन और एयरपोर्ट विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बस्तर के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने ‘सैचुरेशन, कनेक्ट, फैसिलिटेट, एम्पावर और एंगेज’ रणनीति प्रस्तुत की। इसके तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्य 2027 तक पूरे करने के साथ 228 नई सड़कें और 267 पुल बनाए जाने का प्रस्ताव है। केंद्र से 61 नई परियोजनाओं के लिए विशेष सहायता की भी मांग की गई है।
85% परिवारों की मासिक आय बढ़ाने का लक्ष्य
ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में कई पहलें शामिल हैं। हर घर तक बिजली, 45 पोटा केबिन स्कूलों को स्थायी भवन, 15 स्टेडियम, 2 मल्टीपर्पज हॉल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार, तथा डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार प्रोजेक्ट से 31,840 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। रोजगार और आय बढ़ाने के लिए तीन वर्षीय योजना बनाई गई है, जिसमें 2029 तक 85% परिवारों की मासिक आय को 15,000 से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ योजना के तहत अब अधिक जिलों को जोड़ा जा रहा है, जिससे विकास का लाभ व्यापक स्तर पर पहुंचेगा।
‘अंजोर विजन 2047’ और ‘विकसित भारत@2047’ के तहत स्टार्टअप नीति लागू
‘अंजोर विजन 2047’ और ‘विकसित भारत@2047’ के तहत स्टार्टअप नीति लागू की गई है, जिसमें 2030 तक 5,000 स्टार्टअप तैयार करने का लक्ष्य है। पर्यटन क्षेत्र में चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी नेशनल पार्क, एडवेंचर टूरिज्म, कैनोपी वॉक और ग्लास ब्रिज जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम की भी जानकारी दी, जिसके तहत हर ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दौरान रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन, जगदलपुर एयरपोर्ट विस्तार, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज और एजुकेशन सिटी जैसी प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। ये परियोजनाएं बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने में मदद करेंगी।
