शहर

छतरपुर गैंगरेप केस में बड़ी कार्रवाई, 12 घंटे में दबोचे गए तीन आरोपी

मध्य प्रदेश के छतरपुर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के 12 घंटे के अंदर आरोपियों तक पहुंचकर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और कार भी बरामद कर ली। आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

Image

गैंगरेप मामले में तीन आरोपियों गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात के महज 12 घंटे के अंदर ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और कार भी बरामद की है। एसपी रजत सकलेचा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने बस स्टैंड क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था।सागर आईजी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस को बदहवास हालत में मिली नाबालिग

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे बस स्टैंड क्षेत्र में एक नाबालिग को दो युवक जबरन स्कूटर पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे। आरोपी उसे एक कमरे में लेकर गए, जहां उनका एक साथी पहले से ही मौजूद था। आरोपियों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसे आधी रात को कार से बीच चौराहे पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस को शनिवार तड़के करीब 5:15 बजे पीड़िता बदहवास हालत में मिली। जिसके बाद इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें दो युवक पीड़िता को जबरन स्कूटर पर बैठाते हुए नजर आए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमों का गठन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान अरविंद कुशवाहा, रवि कुशवाहा और रविंद्र कुशवाहा के तौर पर हुई है। जिनमें से रवि और अरविंद मामा-भांजे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article