Chandigarh Winter Weather Alert: चंडीगढ़ में सर्दी जोर पकड़ने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ती जा रही है। गुरुवार को चंडीगढ़ में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जिसने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री कम 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 5 सालों में चंडीगढ़ की नवंबर की सबसे ठंडी रात रही। खास बात ये है कि गुरुवार को चंडीगढ़ का पारा धर्मशाला और कसौली हिल स्टेशनों से भी कम रहा। बीते दिन धर्मशाला का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस और कसौली का 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
चंडीगढ़ में आज का मौसम
चंडीगढ़ में ठंड पैर पसारती जा रही है। खासतौर पर रात में ठंड काफी बढ़ गई है। जिससे लोगों को कंपकंपी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। आने वाले सप्ताह में ऐसा ही मौसम बरकरार रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि इस बीच शहर में तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। IMD चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवाएं चल रही हैं। जिसके कारण शहर में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों से आ रही इन सर्द हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। इन हवाओं से शहर का ड्यू प्वाइंट भी कम हो गया है, जिससे माहौल और ठंडा महसूस हो रहा है।चंडीगढ़ में और लुढ़केगा तापमान
चंडीगढ़ में गुरुवार को रात के तापमान के साथ ही दिन का पारा भी लुढ़का है। यहां का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह नवंबर में पिछले 5 सालों का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इससे पहले नवंबर 2020 में चंडीगढ़ में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2024 में भी नवंबर के आखिरी सप्ताह में न्यूनतम पारा 8.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, लेकिन इस बार ठंड करीब दो सप्ताह पहले ही शहर में दस्तक दे चुकी है। चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।
