Rohtak News: हरियाणा सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए रोहतक के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र बिजारनिया का तबादला कर दिया। यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया है, जब आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मृतक अधिकारी के परिवार की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों और बढ़ते जनदबाव के बीच की गई है। उनकी जगह अब सुरेंद्र सिंह भोरिया यह दायित्व संभालेंगे।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
52 वर्षीय आईपीएस वाई पूरन कुमार, जो 2001 बैच के अधिकारी थे, ने अपने ‘अंतिम नोट’ में आठ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम दर्ज किए थे, जिनमें रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारनिया का नाम भी शामिल था। कुमार ने अपने नोट में जाति-आधारित भेदभाव, टार्गेटेड मानसिक उत्पीड़न, सार्वजनिक अपमान और अत्याचार जैसे आरोप लगाए थे।
गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
कुमार की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत कुमार ने चंडीगढ़ पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि संस्थागत भेदभाव का उदाहरण है।
IAS एसोसिएशन का आया बयान
इस घटना पर हरियाणा IAS एसोसिएशन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। एसोसिएशन ने कहा कि वह इस दुखद घड़ी में IAS अधिकारी अमनीत कुमार और उनके परिवार के साथ एकजुटता के साथ खड़ी है। एसोसिएशन ने 6 अक्टूबर को रोहतक में दर्ज हुई FIR की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। साथ ही हरियाणा सरकार से आग्रह किया है कि अमनीत कुमार के परिवार को पूर्ण सुरक्षा, कानूनी मदद और अन्य सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
सरकार की कार्रवाई
हरियाणा सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नरेंद्र बिजारनिया का तबादला कर दिया है। उनकी जगह IPS अधिकारी सुरिंदर सिंह भोरिया को रोहतक का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। बिजारनिया की नई नियुक्ति का आदेश सरकार जल्द जारी करेगी। इस घटना ने हरियाणा प्रशासन और पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि वह मामले की आंतरिक जांच भी कराएगी।
