चण्डीगढ़

इस राज्य में बनेंगे 3100 मॉर्डन स्टेडियम, इनडोर-आउटडोर गेम से संवरेगा युवाओं का भविष्य

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केजरीवाल ने राज्य में 3,100 स्टेडियमों के निर्माण की योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के विकास के लिए 1,194 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे

Image

पंजाब में स्टेडियम निर्माण का प्लान देखते सीएम मान और केजरीवाल (फोटो-@BhagwantMann)

बठिंडा : पंजाब में युवाओं में खेल भावना जगाने और उनके भविष्य को संवारने के लिए कवायतें तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संयुक्त रूप से 1,194 करोड़ रुपये की लागत से 3,100 से अधिक अत्याधुनिक स्टेडियमों के निर्माण की योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि राज्य के युवाओं की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है। शरीर और मन की तंदुरुस्ती के लिए पूरे पंजाब में 3,100 से अधिक नए खेल के मैदानों की स्थापना का कार्य शुरू किया जा रहा है। खेल के मैदान युद्ध नशे विरुद्ध और रंगला पंजाब अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेडियम युवाओं को नशे से दूर रखने और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक जीतने के उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उभरते खिलाड़ियों के लिए ये खेल के मैदान मार्गदर्शक का काम करेंगे। खेल के मैदानों पर 1,184 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खेल के मैदान आधे एकड़ से लेकर चार एकड़ तक के क्षेत्र में बनाए जाएंगे।

इन खेलों को मिलेगा बढ़ावा

न्यूज एजेंसी आईएनएस के हवाले से आप संयोजक ने कहा कि पहले चरण में ज्यादा आबादी वाले गांवों का चयन किया गया है। प्रत्येक मैदान को अलग-अलग खेलों की विशिष्ट जरूरतों के अनुसार विकसित किया जाएगा और बच्चों व खिलाड़ियों के लिए वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य लोकप्रिय पारंपरिक खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बुजुर्गों के लिए विभिन्न शारीरिक और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा ताकि खेल सभी के जीवन का अभिन्न अंग बन सकें। खेल के मैदान न केवल खेलों का आयोजन करेंगे बल्कि गांवों में सामुदायिक एकता के प्रतीक भी बनेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर कहा, "यह बेहद गर्व और संतुष्टि की बात है कि चार राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी पंजाबियों के हाथों में है, जिनमें हरमनप्रीत कौर, शुभमन गिल और हरमनप्रीत सिंह शामिल हैं। नौ पंजाबी खिलाड़ी राष्ट्रीय हॉकी टीम के सदस्य हैं, जो दर्शाता है कि राज्य खेलों के क्षेत्र में कितना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।"

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विशाल खेल बुनियादी ढांचा तैयार किया है, जिसकी बदौलत अब खेड़ा वतन पंजाब दियान में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां खेल खेलती नजर आती हैं। राज्य सरकार ने 300 कोच नियुक्त किए हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को 8-8 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article