चण्डीगढ़

पंजाब सरकार का बड़ा कदम, 8 दवाओं और इंजेक्शन पर लगाई रोक; इस वजह से लिया फैसला

पंजाब के सरकारी अस्पतालों में 8 दवाओं के इस्तेमाल और खरीद पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। मरीजों में 'एडवर्स ड्रग रिएक्शन' (एडीआर) मिलने के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय ने यह कदम उठाया।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आठ विशेष दवाओं और आईवी फ्लूइड्स के इस्तेमाल, वितरण और खरीद पर तुरंत रोक लगा दी है। यह कदम उन दवाओं के कारण मरीजों में 'एडवर्स ड्रग रिएक्शन' (एडीआर) मिलने के बाद उठाया गया है। स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि इन दवाओं का इस्तेमाल बंद करना आवश्यक है जब तक कि आगे कोई नया निर्देश न दिया जाए। इस निर्णय के पीछे तीन फार्मा कंपनियों द्वारा निर्मित दवाओं में समस्याएं मिलने की जानकारी है।

पंजाब में किन दवाओं को किया गया बैन

पंजाब में जिन 8 दवाओं पर रोक लगाई गई है, उनकी लिस्ट में नॉर्मल सैलाइन, सोडियम क्लोराइड इंजेक्शन आईपी 0.9 प्रतिशत, डेक्सट्रोज इंजेक्शन आईपी 5 प्रतिशत, सिप्रोफ्लोक्सासिन इंजेक्शन 200 एमजी, सिप्रोफ्लोक्सासिन इंजेक्शन 200 एमजी आईपी, डीएनएस 0.9 प्रतिशत, एन/2 डेक्सट्रोज 5 प्रतिशत, बुपिवाकेन हाइड्रोक्लोराइड और डेक्सट्रोज इंजेक्शन शामिल हैं। जारी आदेश में सभी सिविल सर्जनों और मेडिकल सुपरिटेंडेंट्स को कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन दवाओं के इस्तेमाल, वितरण और खरीद को तुरंत बंद कर दें। इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अस्पतालों में इन दवाओं की सूची की जांच कर दी जाए और इनका उपयोग पूर्णतया रोका जाए।

मरीजों पर दवाओं के दुष्प्रभाव की रिपोर्ट

स्वास्थ्य विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि जिन मरीजों को इन दवाओं के कारण कोई भी दुष्प्रभाव हुआ है, उनकी रिपोर्ट तत्काल एक समिति के सामने प्रस्तुत की जाए। इस समिति को इन दवाओं से जुड़े संदिग्ध एडीआर की जांच करनी है और जल्द से जल्द एक रिपोर्ट विभाग को सौंपनी होगी।

इस आदेश की जानकारी पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव, मिशन डायरेक्टर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंजाब, पंजाब हेल्थ सर्विसेज कारपोरेशन मोहाली के प्रबंध निदेशक और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। सभी सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article