पंजाब के सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो |PTI)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जपान के साथ उन्नत विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबिलिटी, फूड प्रोसेसिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे हाई-टेक क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ भारत में कार्यरत 25 से ज्यादा प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक की। जिनमें पैनासोनिक, सुमितोमो, निप्पॉन, एनईसी, टोयोटा जैसी कंपनियां शामिल रहीं। यह विचार-विमर्श 13 से 15 मार्च 2026 को मोहाली के इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में आयोजित होने वाले 6वें प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट से पहले पंजाब की अंतरराष्ट्रीय पहुंच का महत्वपूर्ण हिस्सा था।
इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब की धरती साहस, लचीलापन, मेहनत, नवाचार और सामुदायिक साझेदारी के लिए जानी जाती है। उन्होंने जापानी उद्योग के साथ पंजाब के मजबूत और बढ़ते संबंधों पर जोर दिया और उन्होंने जापानी कंपनियों से पंजाब के औद्योगिक बदलाव के अगले चरण का हिस्सा बनने की अपील की। सीएम ने कहा पंजाब और जापान विश्वास, अनुशासन और दीर्घकालिक साझेदारी की मूल्यों को साझा करते हैं, जो राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
सीएम ने कहा कि पहले से ही पंजाब में कई जापानी कंपनियों ने सफल निवेश किया है। राज्य के ऑटोमोबाइल और विनिर्माण क्षेत्र में माजदा, सुमितोमो, एसएमएल इसुज़ु, यानमार, आइची स्टील और गुनमा सीको जैसी कंपनियों ने पैर पसार लिए हैं। पैकेजिंग और औद्योगिक उत्पादों में टोपन और ओजी होल्डिंग्स ने अपनी पकड़ मजबूत की है, रसायन और पेंट में कंसाई नेरोलैक और निसान केमिकल ने सफलतापूर्वक कदम बढ़ाए हैं। कृषि और मशीनरी में यानमार एग्रीकल्चर मशीनरी और क्लास इंडिया ने पंजाब में अपना भरोसा दिखाया है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब आज भारत के सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक है। 2024 के बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (BRAP) में राज्य को पहला स्थान मिला है। यह उपलब्धि पंजाब में सुगम कारोबार, पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ ही निवेशकों को स्थिर और विश्वसनीय वातावरण सुनिश्चित करना है। पंजाब ने हाल के वर्षों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है और उद्योग विस्तार व विदेशी निवेश के लिए नए रास्ते खोले हैं।