इन दिनों हरियाणा के एक पुलिस कांस्टेबल काफी सुर्खियों में हैं। वह किसी अपराधी को पकड़ने या किसी केस को सुलझाने के लिए सुर्खियों में नहीं हैं, बल्कि वह सुर्खियों में पर्यावरण को बचाने के लिए हैं। जी हां, आपने सही सुना, हरियाणा के एक पुलिस कांस्टेबल ट्री मैन के नाम से मशहूर है और वह अब तक लाखों पेड़ लगा चुके हैं।
कई वर्षों से लगा रहे हैं पेड़
चंडीगढ़ पुलिस में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र सूरा पिछले एक दशक से भी अधिक समय से पेड़ लगा रहे हैं और अब तक लाखों पेड़ लगा चुके हैं। पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में उनके द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम की वजह से उन्हें 'ट्री मैन' की उपाधि दी गई है। कांस्टेबल देवेंद्र सूरा 2012 से लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस नेक काम के लिए वह अपने वेतन से पौधरोपण का कार्य करते हैं।
क्या कहते हैं ट्री मैन?
पुलिस कांस्टेबल देवेंद्र सूरा बताते हैं, मेरा मानना है कि अगर एक शहर को एक योजना के साथ हरा-भरा बनाया जा सकता है, तो इसी तरह की योजना के साथ पूरे देश को हरा-भरा बनाया जा सकता है। इसी प्रेरणा से मैंने हरियाणा के सोनीपत से पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। मैंने इसकी शुरुआत 2012 में की थी।
मुश्किल परिस्थितियों में भी नहीं मानी हार
कांस्टेबल देवेंद्र सूरा को जब भी समय मिलता है वह पेड़ लगाने का कार्य करते हैं। उनका मानना है कि ऐसे ही पर्यावरण का संरक्षण होगा, क्योंकि इसको लेकर पहल करने की जरूरत है। उन्हें इस काम की वजह से कई बार परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है। हालांकि, उन्हें कई जगहों पर सम्मान भी मिला है। साथ ही अब उन्हें ट्री मैन की उपाधि से नवाजा गया है।
