चण्डीगढ़

अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग; युवक पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, लारेंस-बम्बीहा गैंग में आपसी रंजिश की आशंका

पंजाब के अमृतसर जिले में एक चौंकाने वाली वारदात में 28 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन बाइक सवार हमलावरों को फायरिंग करते देखा गया। बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।

Image

अमृतसर में दिनदहाड़े युवक की हत्या

Photo : Times Now Digital

Amritsar News: पंजाब के अमृतसर जिले में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तीन मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने युवक को गोलियों से भून डाला।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय जुगराज सिंह उर्फ तोता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना थाना मेहता क्षेत्र के गांव चन्ननके में हुई, जहां तीन अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और जुगराज सिंह पर बेहद करीब से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात बम्बीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर ली है। यह गैंग लारेंस बिश्नोई गिरोह का विरोधी माना जाता है। हत्या के पीछे पुरानी गैंगवार और आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मामला गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या से भी जुड़ा हो सकता है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई। जुगराज सिंह के चाचा ने भी हत्या के पीछे के कारणों को लेकर कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है, क्योंकि कुछ ही महीने पहले, फरवरी में जुगराज की शादी हुई थी। पुलिस मामले की हर सिरे से जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article