पंजाब में आम जनता की सेहत को लेकर एक और बड़ा फैसला लिया। इस फैसलों को जनता के स्वास्थ्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। बता दें कि अब पंजाब के निवासियों को कुत्ते के काटने जैसी आपात स्थिति में इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इसका इलाज भी अब मोहल्ला क्लीनिकों में किया जाएगा और इसके लिए निवासियों को एक रुपये भी नहीं देना पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में लोगों की स्वास्थ्य जरूरत को समझते हुए जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिकों की शुरुआत की थी। ताकि निवासियों को आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल मिल सके। अब इसमें एंटी-रेबीज इंजेक्शन को भी जोड़ा गया है। यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता काटता है तो उसे निजी अस्पतालों की महंगी फीस देने की आवश्यकता नहीं है। वह मोहल्ला क्लीनिकों में मुफ्त में इंजेक्शन लगवा सकते हैं। जहां निजी अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन 350 से 800 रुपये प्रति डोज में मिलता है, और पूरा टीकाकरण कोर्स 2000 से 4000 रुपये तक का हो जाता है। अब यह पूरा इलाज मोहल्ला क्लीनिक में एक रुपया खर्च किए बिना मिलेगा।
पंजाब में फ्री टीकाकरण अभियान
आम आदमी पार्टी की सरकार पूरे प्रदेश में एक चरणबद्ध फ्री टीकाकरण अभियान भी शुरू कर रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति समय पर इलाज से वंचित न रह जाए। राज्यभर में इस समय 880 से अधिक आम आदमी क्लीनिक काम कर रहे हैं, जिनमें से 565 गांवों में और 316 शहरों में खोले जा चुके हैं। इनका दायरा लगातार तेजी से बढ़ाया जा रहा है। अब तक 1.3 करोड़ से अधिक लोग इन क्लीनिकों से लाभ उठा चुके हैं, और 3.7 करोड़ से ज़्यादा बार लोग ओपीडी सेवाओं का इस्तेमाल कर चुके हैं। पिछली सरकार के समय सालाना OPD लगभग 34 लाख थी, जो अब बढ़कर 177 लाख हो चुकी है, यानी 4.5 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अब इन क्लीनिकों में पहले से ही मुफ्त डॉक्टर परामर्श, 107 अधिक आवश्यक दवाइयां और 100 से ज्यादा टेस्ट उपलब्ध हैं। इनमें डायग्नोस्टिक, टाइफाइड, HBA1C, हेपेटाइटिस, डेंगू, HIV, प्रेगनेंसी टेस्ट और सभी प्रकार के अल्ट्रासाउंड निशुल्क उपलब्ध हैं। अब जीवन रक्षक इंजेक्शन भी इस नेटवर्क का हिस्सा होंगे। इलाज पाने वालों में 56% महिलाएं, 44% पुरुष हैं। 25% बुजुर्ग और 18% बच्चे शामिल हैं। अब तक 1.5 करोड़ से अधिक डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त में किए जा चुके हैं, जिससे हजारों करोड़ रुपये की जेब खर्च से आम जनता को राहत मिली है।
10 लाख रुपये तक मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का फैसला
एंटी-रेबीज इंजेक्शन सरकार द्वारा दी गई एक नई सेवा नहीं है। यह सरकार के उस वचन का एक हिस्सा है, जिसमें इलाज को हर नागरिक का हक बताया गया है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की है। शुरुआत में यह सुविधा केवल जिला और सब-डिविजन लेवल पर थी, लेकिन अब इसे मोहल्ला क्लीनिकों के स्तर पर मजबूत बनाया जा रहा है। इसके अलावा बता दें कि पंजाब देश का पहला राज्य बन चुका है जिसने अपने हर नागरिक को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का फैसला किया है।
