Earthquake in Haryana: हरियाणा के रोहतक में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 जुलाई को रात 12 बजकर 46 मिनट पर रोहतक में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र 10 किमी की गहराई पर था। भूकंप के झटके के बाद कुछ लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
10 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में महसूस हुए झटके
इससे पहले 11 जुलाई को शाम 7:49 बजे हरियाणा के झज्जर 3.7 तीव्रता का भूकंप आया था। जिसके हल्के झटके दिल्ली-एनसीआर में भी महसूस किए गए थे। यह भूकंप एक दिन पहले झज्जर में आए 4.4 तीव्रता के भूकंप के बाद आया। NCS के अनुसार यह भूकंप सुबह 9:04 बजे आया था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी इसके झटके लोगों ने महसूस किए थे।
भूकंप को लेकर लोगों ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार भूकंप को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया मिलीजुली देखने को मिली। झटके महसूस करने पर जहां कुछ लोगों ने चिंता जताई तो कुछ ने संयम दिखाया। एक शख्स ने कहा, "भगवान से प्रार्थना करेंगे कि सब सुरक्षित रहे," वहीं दूसरे शख्स ने कहा, "मुझे मौत से डर नहीं लगता।" झज्जर के एक निवासी ने कहा कि लगातार झटकों के चलते लोग असहज महसूस कर रहे हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, "लगातार आ रहे झटकों से लोग डरे हुए हैं। आज भी भूकंप आने से कंपन महसूस किया गया। हम भगवान से दुआ करेंगे कि सब ठीक रहे।"
