Mansa News: पंजाब के मानसा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित रूप से नशे की लत से पीड़ित एक दंपति ने अपने छह महीने के बेटे को एक कबाड़ व्यापारी को बेच दिया। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला तब उजागर हुआ जब बच्चे की मौसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है और बच्चे को बेचने व खरीदने वाले दोनों परिवारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अकबरपुर खुडाल गांव के रहने वाले इस दंपति को नशे की लत थी और वे आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चे की देखभाल नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने अपने छह महीने के बेटे को बुढलाडा कस्बे में रहने वाले एक कबाड़ व्यापारी के परिवार को 1.80 लाख रुपये में बेच दिया। बताया गया कि व्यापारी की चार बेटियां हैं। दोनों परिवारों ने एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी किए, जिसे उन्होंने बच्चे को "गोद लेने का समझौता" बताया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बच्चे की मां पहले एक पहलवान थी, लेकिन शादी के बाद वह नशे की गिरफ्त में आ गई।
बच्चे को खरीदने वाले परिवार के खिलाफ मामला दर्ज
मीडिया रिपोर्टों में मामले के सामने आने के बाद पंजाब बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष कंवरदीप सिंह ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चे को तुरंत बरामद कर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंपा जाए। साथ ही, एसएसपी से 31 अक्टूबर तक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। पुलिस उपाधीक्षक (बुढलाडा) सिकंदर सिंह चीमा ने बताया कि बच्चे को अब बाल कल्याण समिति के हवाले कर दिया गया है। बरेटा थाना प्रभारी बलदेव सिंह के अनुसार, दंपति और बच्चे को खरीदने वाले परिवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
