कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा (फाइल फोटो)
Punjab News: गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि मैं पंजाब की बॉर्डर बेल्ट को रिप्रेजेंट करता हूं। इस इलाके में लगातार टारगेट किलिंग हत्या और फिरौती मांगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। गैंगस्टर हावी है, ग्रेनेड से हमले किए जा रहे हैं। हाल ही में एक ग्रेनेड अटैक हुआ था। इस घटना के कई स्थानीय लोग गवाह भी हैं लेकिन बावजूद इसके पंजाब पुलिस ने से ग्रेनेड अटैक मानने से ही इनकार कर दिया था।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुझे बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि पंजाब पुलिस कुंभकरण की नींद सो रही है। पंजाब पुलिस के कुछ ईमानदार अधिकारियों के बावजूद पंजाब पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में सक्षम नहीं है या रोकना नहीं चाहती है। बीएसएफ की जूरिडिक्शन को भी बॉर्डर से 50 किलोमीटर अंदर तक बढ़ाया गया है लेकिन बावजूद इसके बीएसएफ भी हथियार ड्रोन और ड्रग्स को रोकने में सक्षम नहीं है। पंजाब के बॉर्डर इलाके में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ-साथ रेडिकल एलिमेंट्स भी यहां पर सक्रिय हैं। कनाडा यूरोप और मिडिल ईस्ट से गैंगस्टर नेटवर्क चलाया जा रहा है। मैं आपकी जानकारी के लिए साल 2025 में जो अपराधिक घटनाएं गैंगस्टर ने की है या आतंकियों द्वारा की गई है उनकी जानकारी भी साझा कर रहा हूं। कानून व्यवस्था की गंभीर हालत को देखते हुए मेरा आपसे निवेदन है की तुरंत सभी उच्च स्तरीय केंद्रीय एजेंसियां रॉ आईबी और गृह विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई जाए और इन घटनाओं को रोकने के लिए स्ट्रेटजी तैयार की जाए।
इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सुखजिंदर सिंह रंधावा पर पंजाब में गैंगस्टर पैदा करने का आरोप लगाया था और कहा था कि रंधावा ने खुद ही गैंगस्टर पैदा किया और खुद ही उनके खिलाफ सरकार को चिट्ठी लिख रहे हैं। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि मैं आपके डीजीपी को कई बार फोन किया, मैसेज किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया इसलिए मुझे पत्र लिखना पड़ा।