Punjab-Haryana Cold: पंजाब और हरियाणा में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा जबकि क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा के आसपास रहा। दोनों राज्यों के बड़े हिस्से में पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे अधिकांश स्थानों पर दृश्यता में कमी आई है। पंजाब के तरनतारन, गुरदासपुर, जालंधर, अमृतसर में भी अत्यधिक ठंड की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, हरियाणा के कुछ इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कमोबेश यही हाल हरियाणा के तमाम शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों का है। जहां सर्दी के कहर से लोग परेशान हैं। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश भी दस्तक दे सकती है।
हरियाणा में तापमान
चंडीगढ़ में सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य सीमा से तीन डिग्री अधिक था। दोनों राज्यों में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नारनौल और हिसार सर्द रहे और यहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.2 डिग्री और 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में कितना तापमान
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना में 8.4 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 8.2 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 6.8 डिग्री सेल्सियस और बरनाला में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। श्री आनंदपुर साहिब में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यद्यपि अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा, लेकिन दिन के तापमान में कमी आई है और पिछले कुछ दिनों में यह 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है।
