चंढीगढ़: नए साल में हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार अपने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार ने पेंशन को लेकर एक और बड़ा फैसला किया है। राज्य सरकार ने प्रदेश के विधुरों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा की है। इसके तहत अब विधुर पेंशन योजना के तहत विधुरों के खाते में तीन हजार प्रति माह पेंशन भेजी जाएगी। यह दरें 1 दिसंबर 2023 से लागू होंगी, ऐसे में दिसंबर की पेंशन सात जनवरी को मिलेगी तो फरवरी में जनवरी के पेंशन जारी की जाएगी।
इतनी बढ़ाई पेंशन राशि
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने राज्य सरकार ने विधुर एवं अविवाहितों को भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का निर्णय लिया था। राज्य में अबतक 12,882 विधुर और 2,026 अविवाहितों को चिन्हित किया गया है। इन्हें 1 दिसंबर 2023 से पेंशन देय होगी, जो जनवरी से खातों में आ सकती है। वर्तमान में 2700 रुपये पेंशन दी जा रही है और अब नए साल से 300 रुपये और बढ़ाकर इसे 3000 कर दिया जाएगा।
वृद्धावस्था सम्मान भत्ता
इस पेंशन के लिए 3 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले 40 वर्ष आयु के विधुर (यानी जिनकी पत्नी का देहांत हो चुका है) और 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले 45 वर्ष आयु के अविवाहित (पुरुष और महिला) पात्र हैं। वही, 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने उपरांत उपरोक्त दोनों श्रेणियों के लाभपात्रों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता की पात्रता अनुसार वृद्धावस्था सम्मान भत्ता की योजना में बदल दिया जाएगा।
कैंसर पीड़ितों को भी 3000 रुपये मासिक पेंशन
आपको बता दें कि नवंबर माह में सीएम खट्टर ने बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन में भी 250 रुपये की वृद्धि का ऐलान किया था, जिसके बाद अब बुजुर्गों को भी 2750 की जगह नए साल से 3 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। नए दरें 1 जनवरी 2024 से लागू होंगी, यानि फरवरी से इसका लाभ मिलेगा। वहीं, नए साल से स्टेज-3 और 4 से जूझ रहे कैंसर पीड़ितों को भी 3000 रुपये मासिक पेंशन शुरू करने का निर्णय लिया है। हाल ही में सीएम मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कैंसर की तीसरी और चौथी स्टेज के मरीजों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता की तर्ज पर मासिक भत्ता पर मुहर लगाई गई थी। इसके तहत तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के मरीजों को नए साल 2024 से 3000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।
