Amritsar News: पंजाब को सुरक्षित और अपराधमुक्त राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने जंडियाला गुरु क्षेत्र में हुई फायरिंग और रंगदारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक विदेशी पिस्तौल भी बरामद की गई है। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रवि (निवासी पंडोरी वारैच) और उज्जवल हंस (निवासी बटाला रोड, अमृतसर) के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी कुख्यात अपराधी जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े हैं और विदेश में बैठे अपने हैंडलर केशव शिवाला के इशारे पर काम कर रहे थे।
रंगदारी वसूलने के मकसद से फायरिंग
सूत्रों के मुताबिक, 6 नवंबर को तीन अज्ञात बाइक सवारों ने जंडियाला गुरु में एक प्रोविजनल स्टोर पर गोलियां चलाई थीं। यह फायरिंग दुकान मालिक को डराकर उससे रंगदारी वसूलने के मकसद से की गई थी। डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान एक ने पुलिस टीम पर भी गोली चलाई, हालांकि उसे जल्द ही काबू में कर लिया गया। पुलिस ने एक अन्य आरोपी की पहचान भी कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सुरागों के आधार पर कार्रवाई
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद डीएसपी डी. गुरिंदर नागरा और डीएसपी इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मानवीय और तकनीकी सुरागों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। इस संयुक्त प्रयास में जंडियाला गुरु और मत्तेवाल थाने की पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक विदेशी पिस्तौल भी बरामद हुई।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है, ताकि इस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मत्तेवाल थाने में बीएनएस की धाराएं 109, 132 और 221 तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 और 27 के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। यह केस एफआईआर नंबर 60, दिनांक 12 नवंबर 2025 को दर्ज किया गया है।
(इनपुट - आईएएनएस)
