चंडीगढ़ में आज का मौसम (08 Jan 2026): चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के मौसम ने बुधवार को अपना रंग बदलकर ठंड और कोहरे का अनुभव कराया। सुबह के समय आसमान में बादलों का डेरा रहा और तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। दिन करीब 11 बजे धूप खिली, जो शाम चार बजे तक बनी रही, लेकिन इसके बावजूद सर्दी में कमी नहीं आई। ठंडी हवाओं के चलते दिन में भी सामान्य से ज्यादा ठंड महसूस हुई। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 9 से 13 जनवरी तक घने कोहरे और शीतलहर के मद्देनज़र यलो अलर्ट जारी रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
शीतलहर के चलते येलो अलर्ट
धुंध न होने के कारण हवाई यातायात बुधवार को सामान्य रहा। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, न तो किसी उड़ान को देरी हुई और न ही कोई रद्द करनी पड़ी। मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि फिलहाल दिन और रात के तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। धीरे-धीरे तापमान का फर्क कम हो रहा है, जिससे ठंड बढ़ने का खतरा बना हुआ है। शीतलहर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD का पूर्वानुमान
आईएमडी के अनुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है। लोहड़ी के दिन यानी 13 जनवरी तक यलो अलर्ट जारी रहेगा। 9 से 15 जनवरी के बीच पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। राज्य के अन्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यह तापमान सामान्य स्तर के करीब या थोड़ी अधिक रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो सामान्य से काफी कम रहेगा।
